
सूरत. मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंट्स पर छापेमारी कर अखाद्य पकड़ा और नोटिस जारी किया। इधर, पहले के मामलों में लिए गए नमूनों के विफल रहने पर एज्युकेटिंग में की गई शिकायत पर फैसला देते हुए एज्युकेटिंग अफसर ने 12 संस्थाओं के खिलाफ 1.86 लाख रुपए का जुर्माना ठोका है।
मनपा के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहले शहर की विभिन्न 12 संस्थाओं के यहां से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। रिपोर्ट निगेटिव आने पर मनपा प्रशासन ने एज्युकेटिंग में शिकायत की थी। एज्युकेटिंग अफसर ने इस मामले में सभी 12 संस्थाओं पर 1.86 लाख रुपए का जुर्माना ठोक दिया। हेल्थ टीम ने शुक्रवार को शहर में 16 जगह छापेमारी कर सात जगह से सैम्पल लिए। विभिन्न १५ संस्थाओं को नोटिस जारी कर 17 किलो अखाद्य नष्ट किया गया।
इन पर लगाया जुर्माना
दोषी पाई गईं 12 संस्थाओं में वाइट हाउस शंखेश्वर कॉॅम्प्लेक्स की नीरव डेयरी फार्म, जमनानगर शॉपिंग सेंटर वराछा की जनता डेयरी एंड जनरल स्टोर्स, सर्वोदय सोसायटी वराछा रोड की सिद्धि विनायक हेल्थ केयर, सलीमनगर उन की श्री जय माताजी फरियाणी स्टोर्स, शिवम अपार्ट कतारगाम की अंबिका सेल्स एजेंसी, गुरुकृपा इंडस्ट्रीज सोसायटी भेस्तान की ठक्कर फूड प्रोडक्ट, त्रिभुवन सोसायटी वेडरोड की हरिओम मसाला, पारेखवाडी कतारगाम की नंदनी बेवरीज, नरीमन प्वॉइंट मुम्बई की रुचि सोया इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रिलायंसनगर कोसाड की देवनारायण ट्रेडर्स एंड टोबेको, विवेकानंद सोसायटी वराछा की किशन मिर्च मसाला और सरस्वती अपार्टमेंट के विष्णुभाई कानजी भाई रबारी शामिल हैं।
बीआरटीएस बस शेल्टर स्मैक सेंटर से जुड़ेंगे
सूरत महानगर पालिका और सूरत स्मार्ट सिटी डवलपमेंट लिमिटेड (एसएससीडीएल) ने बीआरटीएस के 111 बस शेल्टरों को स्मैक सेंटर से जोडऩे का निर्णय किया है। प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कमेटी ने इसका जिम्मा एआरएस ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्ट टैक्नोलॉजी को सौंपा है। अब तक बीआरटीएस बसों और रूट पर लगे पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम और इंटेलिजेंस ट्रांजिट मैनेजमेंट सिस्टम मनपा मुख्यालय में लगे स्मैक सेंटर से जुड़े हुए हैं। इससे इनकी सीधी मॉनिटरिंग होती है और कहीं भी गड़बड़ी होने पर उसे तत्काल सुधार दिया जाता है। बस शेल्टरों के स्मैक सेंटर से जुड़ा नहीं होने के कारण वहां होने वाली गड़बड़ी पर नजर रखना मुश्किल हो जाता है। इसके लिए स्मैक सेंटर में एडीशनल हार्डवेयर फिट करना होगा।