नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के स्कूलों के पीने के पानी की रिपोर्ट नेगेटिव
सूरत. सूरत महानगर पालिका संचालित नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की स्कूलों के विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। समिति की स्कूलों के पीने के पानी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। रिपोर्ट में साफ लिखा है कि यह पानी पीने लायक नहीं है। रिपोर्ट लीक होने पर समिति की पोल खुल गई। समिति प्रमुख ने जांच करवाने का आश्वासन दिया है।
शहर में नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के 280 से अधिक स्कूल हैं। इनमें सात अलग-अलग भाषाओं में शिक्षा दी जाती है। सभी स्कूलों में 4 लाख से अधिक विद्यार्थी हैं। इन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर समिति बार-बार दावा करती रहती है। बच्चों की जांच करवाकर चिकित्सा सेवा देने का भी दावा किया जाता है। पीने के पानी को लेकर स्वच्छता रखने की बात की जाती है, लेकिन पीने के पानी की एक रिपोर्ट ने समिति के सभी दावों को गलत साबित कर दिया है।
पीने योग्य नहीं
नवम्बर 2017 की इस रिपोर्ट ने समिति की पोल खोल दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि समिति की स्कूलों का पानी पीने योग्य नहीं है। नवम्बर 2017 में भेस्तान के सर्वोदय विद्यालय, विठ्ठल पटेल स्कूल नंबर 213 और जीयाव रोड के स्कूल नंबर 19 के पीने के पानी का सेम्पल लिया गया था। इस सेम्पल के आधार पर रिपोर्ट तैयार की गई।
मनपा ने की थी जांच
समिति स्कूल के पीने के पानी की जांच मनपा के सेनेटरी विभाग की ओर से की गई थी। विभाग ने सभी तरह की जांच कर पानी पीने योग्य नहीं होने की रिपोर्ट दी थी। भेस्तान के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने भी नोटिस दिया था कि पानी पीने योग्य नहीं है। तुरंत पानी की टांकियों की सफाई करवाई जाए।
रिपोर्ट छुपाई गई
समिति के पदाधिकारी बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। समिति की बदनामी न हो, इसलिए रिपोर्ट को छुपा दिया गया था। रिपोर्ट से साफ पता चलता है कि समिति के पदाधिकारियों को बच्चों के स्वास्थ्य की कितनी परवाह है।
सुरेश सुहागिया, समिति सदस्य, विपक्ष
जांच करवाएंगे
रिपोर्ट नवम्बर 2017 की है। इस संदर्भ में जांच करवाई जाएगी। बच्चों के पीने के पानी के लिए आरओ प्लांट है। टंकियों की जांच करवाई जाएगी।
हसमुख पटेल, प्रमुख, नगर प्राथमिक शिक्षा समिति