सूरत

मनपा की हकीकत : आधी दुनिया को नहीं मिल रहा पूरा हक

जगह नहीं मिलने से अटक गया महिला बाजार, हाउसिंग विभाग ने जोन दफ्तरों से मांगा ब्योरा, रिमाइंडर के बाद भी जवाब नहीं
3 min read
• •
Updated: 10 Jun 2018, 8:39 PM IST
patrika
मनपा की हकीकत : आधी दुनिया को नहीं मिल रहा पूरा हक

विनीत शर्मा

सूरत. मनपा प्रशासन को 326 वर्ग किमी विस्तार में फैले शहर में एक महिला बाजार के लिए जगह नहीं मिल रही है। हाउसिंग विभाग के रिमाइंडर के बावजूद जोन अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेंग रही और महिला बाजार शहर की महिलाओं के लिए सपना बनकर रह गया है।

विकास की रफ्तार में सबको पीछे छोडऩे की जिद में कुलांच भर रहे शहर में जेंडर बजट की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही थी। राजस्थान पत्रिका की पहल पर महिलाओं के लिए महिला संचालित महिला बाजार को पक्ष और विपक्ष की महिला पार्षदों के साथ ही अन्य पार्षदों का समर्थन मिला तो मनपा प्रशासन ने पहली बार जेंडर बजट पर फोकस किया।

आयुक्त एम. थेन्नारसन ने 30 जनवरी को जो ड्राफ्ट बजट पेश किया, उसमें महिला बाजार को जगह दी गई। सामान्य सभा से पारित बजट में महिला बाजार को समर्थन मिला तो लगा कि शहर की महिलाओं को उनकी जरूरतों का बाजार मिलना बस औपचारिकता भर होगी। हकीकत यह है कि प्रशासनिक दांव-पेंचों में उलझ कर महिला बाजार का प्रस्ताव महिलाओं के लिए दूर की कौड़ी बनता जा रहा है।

जमीन की खोज जारी

सामान्य सभा से बजट पारित होने के बाद हाउसिंग विभाग ने महिला बाजार के लिए शहरभर में जमीन की खोज शुरू की। इसके लिए सभी जोन दफ्तरों से महिला बाजार के लिए उपलब्ध अतिरिक्त जमीन का ब्योरा मांगा। बजट पारित होने के बाद करीब साढ़े तीन महीनों से महिला बाजार के लिए शहर में जमीन की खोज जारी है।

जानकारों के मुताबिक इसे अधिकारियों की लापरवाही ही मानिए कि 326 वर्ग किमी से अधिक क्षेत्रफल वाले शहर में अब तक जगह नहीं खोजी जा सकी है। यह बताता है कि मनपा प्रशासन महिलाओं की जरूरतों को लेकर कितना गंभीर है।

सामान्य सभा में उठा था मामला

जनवरी की अंतिम सामान्य सभा में भी महिला बाजार का मामला उठा था। चर्चा के दौरान पक्ष-विपक्ष दोनों सहमत दिखे थे। सामान्य सभा में कांग्रेस पार्षद चारुल कसवाला ने यह मामला उठाते हुए सदन से महिलाओं के लिए एक ऐसे बाजार की मांग की थी, जिसमें सब कुछ उनके हाथ में हो। उन्होंने कहा था कि शहर की महिलाओं को एक ऐसा मिलना बाजार चाहिए, जो पूरी तरह महिलओं से संचालित हो। सुरक्षा गार्ड से लेकर मेले में दुकानदार-खरीददार और पार्किंग का जिम्मा भी महिलाओं के हाथ हो, जिससे महिलाएं पूरी निश्चिंतता और मौज-मस्ती के साथ खरीदारी कर पाएं। भाजपा पार्षद डॉ. जगदीश पटेल ने चारुल की इस मांग का समर्थन करते हुए साफ किया था कि महिला सशक्तीकरण के लिए भाजपा हमेशा विचारों का स्वागत करती रही है। उन्होंने प्रस्ताव की सराहना करते हुए इस पर आगे बढऩे की बात कही थी। इसके बाद माना जा रहा था कि दोनों पक्षों की सहमति के कारण यह मामला जोर पकड़ेगा और महिलाओं को जल्द ही अपने लिए महिला बाजार मिल जाएगा।

मुहिम ने इस तरह पकड़ा जोर

राजस्थान पत्रिका ने बीते साल 23 दिसंबर के अंक में 'विकास की शर्त है जेंडर बजट' से टिप्पणी प्रकाशित की थी। इसके बाद शहर की महिलाओं ने बजट में अपने हिस्से के लिए माहौल बनाना शुरू किया। पत्रिका ने शहर की कामकाजी महिलाओं और गृहिणियों से बातचीत कर महिलाओं के लिए महिला संचालित बाजार पर चर्चा की थी। पत्रिका ने दो जनवरी को 'महिलाओं को चाहिए अपना बाजार, जहां सब उनके हाथ में हो' शीर्षक से इस आशय की खबर प्रकाशित की थी। पत्रिका से बातचीत के दौरान अपने लिए खास बाजार की मांग करते हुए महिलाओं ने इसके फायदे भी गिनाए थे। उनका मानना है कि इस तरह के बाजार से महिलाओं को भीड़भाड़ वाले बाजार में होने वाली छेडछाड़ से निजात मिलेगी। महिलाओं की निजी जरूरत का सामान भी वह बिना झिझक खरीद सकेंगी। इस मुहिम को भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के पार्षदों ने अपना समर्थन दिया था। महापौर अस्मिता शिरोया ने भी इस मुहिम को अपने समर्थन का आश्वासन दिया था।

खुद सुझाया था मॉडल

महिला बाजार के लिए महिलाओं ने मॉडल भी सुझाया था। उनके मुताबिक शहर के बीच में खाली पड़ी किसी जगह पर ऐसा बाजार तैयार किया जा सकता है। इसमें सुरक्षा गार्ड से लेकर पार्किंग तक और वहां सजी दुकानें भी महिला संचालित हों। इस प्रोजेक्ट की देख-रेख भी मनपा की किसी महिला अधिकारी के पास होने की वकालत करते हुए कहा गया कि इससे महिलाएं किसी भी समय अपनी मुश्किल उनके समक्ष रख पाएंगी।

लिखा है पत्र

सभी जोन दफ्तरों को पत्र लिखकर महिला बाजार के लिए जमीन की उपलब्धता की जानकारी मांगी है। उन्हें रिमाइंडर भी दिया है। जवाब मिलते ही इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा।
राजेश जरीवाला, कार्यपालक अभियंता, मनपा

करने होंगे उपाय

महिला बाजार सूरत मनपा की एक अच्छी पहल है, इसे अंजाम तक पहुंचना चाहिए। जमीन की व्यवस्था के लिए मनपा प्रशासन को ही उपाय करने होंगे।
पायल गर्ग

जगह का इंतजाम करना मनपा का काम

महिला बाजार के लिए जगह की व्यवस्था करना मनपा प्रशासन की जिम्मेदारी है। 326 वर्गकिमी क्षेत्रफल वाले शहर में मनपा को महिला बाजार के लिए जगह नहीं मिल रही, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
लवली जालान

अधिकारियों की लापरवाही

महिला बाजार के लिए जगह नहीं मिलना तो बहानेबाजी है। दरअसल अधिकारियों की लापरवाही के कारण बीते तीन महीने से इस दिशा में कोई काम नहीं हुआ है।
चंचल अग्रवाल

जल्द पूरा हो काम

पत्रिका की मुहिम रंग लाई है। महिलाओं के लिए शहर में महिला बाजार का कंसेप्ट अनूठा है और इसके मिलने से महिलाओं को खरीदारी में सहूलियत मिलेगी। यह काम जल्द पूरा होना चाहिए।
मनीषा अग्रवाल

Published on: