सूरत

सूरत में जगह-जगह सज गए होली के बाजार

बच्चों के लिए इस बार म्यूजिकल पिचकारी, रंगों के गिफ्ट पैकेट भी आकर्षण का केंद्र
2 min read
• •
Updated: 28 Feb 2018, 11:43 AM IST
patrika photo

सूरत. होली पर सूरत के बाजार में तरह-तरह की पिचकारियां सज गई हैं। पानी की जगह रंग बरसाने वाली पिचकारी लोगों की पहली पसंद बन रही है। बच्चों को ध्यान में रखकर इस बार बाजार में संगीत वाली पिचकारी भी आई है। रंगों का गिफ्ट पैकेट भी आर्कषण का केन्द्र बना हुआ है।

शहर में भागल, चौटा पुल, भटार, घोड़दौड़ रोड, उधना, लिम्बायत, सिटीलाइट, वेसू समेत कई जगह पिचकारियों और रंगों के स्टॉल लग गए हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए स्टॉल मालिक तरह-तरह की पिचकारियां लेकर आए हैं। इस बार रंग उड़ाने वाली पिचकारी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। आम तौर पर पिचकारियों में पानी या रंग वाला पानी भरकर उड़ाया जाता है, लेकिन इस पिचकारी में सिर्फ रंग भरा जाता है, जिसे हवा के दवाब से उड़ाया जाता है। इसमें रंग आसानी से भरा जा सकता है। पिचकारियों के स्टॉल पर तरह-तरह की गन पिचकारियां भी हैं। बच्चों को गन काफी पसंद हैं, इसलिए विभिन्न तरह की गन वाली पिचकारियां बाजार में उतारी गई हैं। वजन में हल्की होने के कारण बड़ी पिचकारियां भी बच्चों के लिए खरीदी जा रही हैं। इनमें एयर गन, शोट गन, पिस्टल, मशीन गन वाली पिचकारियां शामिल हैं।

रंगों के साथ म्यूजिक
कई पिचकारियों को आधुनिक रूप दिया गया है। म्यूजिक वाली पिचकारी भी बाजार में है। पानी उड़ाते समय इसमें संगीत बजता है। यह पिचकारी भी बच्चों को आकर्षित कर रही है। बाजार में 150 से 1000 रुपए तक की पिचकारियां बिक रही हैं। साथ ही तरह-तरह के रंग भी हैं। गुणवत्ता और पैकेट की साइज के अनुसार इनके दाम 5 रुपए से 500 रुपए तक हैं।


पीएम और बाहुलबी की पिचकारी
बाजार में बच्चों को लुभाने के लिए बड़ी-बड़ी पिचकारियां आई हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , बाहुबली, छोटा भीम, डोरेमोन, मिकी माउस के अलावा अन्य कार्टून केरेक्टर वाली पिचकारियां शामिल हैं। यह पिचकारियां बड़े वाटर बैग के साथ मिल रही हैं। इनमें ज्यादा मात्रा में पानी भरा जा सकता है। बच्चों को यह पिचकारियां काफी पंसद आ रही हैं।

रंगों के गिफ्ट पैक
दीपावली पर लोग एक-दूसरे के मिठाई, नमकीन, ड्राय फ्रूट और चॉकलेट तोहफे में देते हैं। इसके लिए गिफ्ट पैकेट मिलते है। होली पर रंगों वाले वैसे ही गिफ्ट पैकेट बाजार में मिलने लगे हैं। पिचकारी के साथ तरह-तरह के रंगों के आकर्षक गिफ्ट पैकेट बनाए गए हैं।

Published on: