सूरत

अर्बन गवर्नेन्स सर्वे में सूरत पांचवे स्थान पर

बेंगलूरु के सेंटर फॉर सिटीजनशिप एंड डेमोक्रेसी का सर्वे, इंडियाज सिटी सिस्टम-2018 में शामिल हुए सूरत समेत 23 शहर
2 min read
• •
Updated: 16 Mar 2018, 11:09 AM IST
patrika photo

सूरत. बेंगलूरु के सेंटर फॉर सिटीजनशिप एंड डेमोक्रेसी के इंडियाज सिटी सिस्टम-2018 सर्वे में सूरत साढ़े चार अंक के साथ पांचवें नंबर पर रहा है। इस सूची में पहले नंबर पर पुणे है। गुजरात से सूरत अकेला है, जिसने इस सूची के टॉप फाइव में जगह बनाई है। बीते वर्ष इस सर्वे में सूरत १७वें नंबर पर था। सर्वे में अहमदाबाद सातवें नंबर पर रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर पहले चरण में स्मार्ट हो रहे देश के २० शहरों की सूची में सूरत तीसरे स्थान पर था। चार साल बाद सेंटर फॉर सिटिजनशिप एंड डेमोक्रेसी के इंडियाज सिटी सिस्टम-2018 ने अर्बन गवर्नेन्स सिस्टम समझने के लिए देश के स्मार्ट हो रहे शहरों समेत २३ शहरों का सर्वे किया, जिसमें सूरत को महज साढ़े चार अंक मिले।

सर्वे में देश के 20 राज्यों के 23 शहर शामिल थे। शहरी प्रशासन से जुड़े नियम, कानून नीतियों और संस्थागत प्रक्रिया ढांचे को आधार बनाते हुए इन शहरों को रेटिंग दी गई। सर्वे में महानगर पालिकओं की आमदनी और स्टाफ की क्षमता को भी आधार बनाया गया। माना जा रहा है कि इसमें सूरत पिछड़ गया। शहरी व्यवस्थाओं के मामले में 5.1 अंक हासिल कर पुणे टॉप पर है और तीन अंक के साथ बेंगलूरू सबसे निचले पायदान पर है। इस सर्वे में देश का कोई भी शहर 5 से ज्यादा अंक लाने में नाकाम रहा।

चुनौतियों से निपटना जरूरी

सर्वे के मुताबिक स्मार्ट हो रहे शहर पांच बड़ी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। इनसे निपटे बगैर रेस में बने रहना मुश्किल है। इनमें सार्वजनिक जगह की आधुनिक प्लानिंग, वित्तीय संसाधनों की कमी, स्किल्ड मैनपावर होना, सिटी काउंसिल और सरकारी एजेंसियों में तालमेल की कमी के साथ ही पारदर्शिता की कमी और लोगों की न्यूनतम भागीदारी शामिल है।

क्वॉलिटी लाइफ के लिए लंबा इंतजार

सेंटर फॉर सिटीजनशिप एंड डेमोक्रेसी के मुताबिक स्मार्ट सिटी के लिए किसी शहर के पास दस में से आठ से ज्यादा से अंक होने चाहिए। इससे साफ है कि शहरों में क्वॉलिटी लाइफ के लिए लोगों को अभी लंबा इंतजार करना होगा।

निजी एजेंसी का सर्वे

यह निजी एजेंसी का सर्वे है। उन्होंने किन मानकों पर किस तरह अंक निर्धारण किया है, यह देखना होगा। हम बेहतर तरीके से काम ? कर रहे हैं। कहीं कोई चूक मिलती है तो उसे सुधार कर पहले नंबर पर आने की कोशिश जारी रहेगी।
राजेश देसाई, चेयरमैन, स्थाई समिति, मनपा

सुधार हुआ है

बीते वर्ष इस संस्था के सर्वे में सूरत 17वें नंबर पर था। इस बार अपनी हालत में सुधार करते हुए हम 12 पायदान ऊपर चढ़े हैं। स्मार्ट सिटी कम्प्लाइंस में सूरत देशभर में पहले नंबर पर है।
एम. थेन्नारसन, आयुक्त, सूरत मनपा

टॉप फाइव शहरों को मिले अंक

शहर अंक

पुणे 5.1
कोलकाता 4.6
तिरुअनंपुरम 4.6
भुवनेश्वर 4.6
सूरत 4.5

Published on: