सूरत

SURAT FOSTTA NEWS: फोस्टा के सभी 41 सदस्यों ने ली डायरेक्टर पद की शपथ

- फोस्टा के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे कई आमंत्रित मेहमान :    

2 min read
Jul 23, 2023
SURAT FOSTTA NEWS: फोस्टा के सभी 41 सदस्यों ने ली डायरेक्टर पद की शपथ

सूरत. फैडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के सभी नवनिर्वाचित 41 सदस्यों ने रविवार शाम आयोजित समारोह में डायरेक्टर पद की शपथ ग्रहण की है। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सरसाणा में चेंबर ऑफ कॉमर्स के कन्वेंशन सेंटर में किया गया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी, शिक्षा राज्यमंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया समेत विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।

सूरत कपड़ा मंडी के व्यापारिक संगठन फोस्टा के चुनाव 11 साल बाद गत 8 जुलाई को सम्पन्न हुए थे। फोस्टा चुनाव को लेकर कपड़ा व्यापारियों में काफी उत्साह पिछले दिनों रहा। चुनाव में विकास पैनल ने सभी 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी और गत 15 जुलाई को ही फोस्टा के तीन अहम पद अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष पद के लिए विजयी सदस्य कैलाश हाकिम, दिनेश कटारिया व नानालाल राठौड़ को सर्वसम्मति से चुना गया था। इसके बाद रविवार शाम फोस्टा का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सरसाणा में चेंबर ऑफ कॉमर्स के कन्वेंशन सेंटर में किया गया। इस दौरान फोस्टा चुनाव अधिकारियों ने सभी नवनिर्वाचित 41 सदस्यों को फोस्टा के डायरेक्टर पद की शपथ दिलवाई। समारोह के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी समेत अन्य ने भी संबोधन किया।

- मंच पर इन्हें भी मिली जगह :

फोस्टा के शपथ ग्रहण समारोह की आमंत्रण पत्रिका में भाजपा नेताओं के अलावा किसी अन्य का नाम नहीं होने की चर्चा रविवार तक रही। इसके बाद शाम को आयोजित समारोह में फोस्टा ने सूरत कपड़ा मंडी के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य कपड़ा व्यापारियों को मंच पर स्थान दिया। इनमें चेम्बर ऑफ कॉमर्स, साउथ गुजरात टेक्सटाइल प्रोसेसर्स एसोसिएशन, साउथ गुजरात टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन के अलावा अन्य व्यापारिक संगठन के प्रतिनिधि शामिल थे।

साधारण सभा में गठित हुई नई कार्यकारिणी


सूरत. श्रीरामदेव बाबा प्रेम मंडल की साधारण सभा का आयोजन रविवार को वेसू में वीआईपी रोड स्थित प्लाडियम प्लाजा में किया गया। सभा के दौरान सर्व-सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सरंक्षक गोविन्द राठी, अध्यक्ष विनोद लाहोटी, सचिव ललित झंवर, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण राठी, उपाध्यक्ष विनोद राठी व मालचंद लाहोटी के अलावा मेडिकल कमेटी प्रमुख नंदकिशोर लोहिया को बनाया गया। सभा के दौरान गत वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा दिया गया। सभा में बताया कि आगामी 10 सितंबर को मंडल का वार्षिकोत्सव सिटीलाइट स्थित माहेश्वरी भवन में मनाया जाएगा।

Published on:
23 Jul 2023 09:17 pm
Also Read
View All