surat news : - साइबर क्राइम सैल ने युवक को धर दबोचा
सूरत. एक छात्रा को बदनाम करने के इरादे से सोशल मीडिया पर फोटो सहित उसके फेक अकाउन्ट बनाने वाले युवक को साइबर क्राइम से सैल ने गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रहे इंचार्ज पुलिस ने निरीक्षक जे.बी.आहिर ने बताया कि सरथाणा जकातनाका भूमि पार्क सोसायटी निवासी वैभव बरवालिया (21) ने एक नाबालिग छात्रा को बदनाम करने का प्रयास किया। कॉलेज छात्र वैभव ने गत फरवरी में कहीं से पीडि़ता के फोटोग्राफ्स हासिल कर उनके साथ छेड़़छाड़ की। पिक्स आर्ट सॉफ्टवेयर की मदद से उसके अश्लील फोटो तैयार किए। फिर इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया साइट्स पर उसके फोटो अपलोड कर १४-१५ फेक अकाउन्ट बनाए। जिनमें अभद्र कमेंट्स के साथ उसके मोबाइल नम्बर भी डाले। उसने कई पोर्न साइट्स पर भी उसके फोटो, वीडियो और नम्बर अपलोड किए। इस बारे में पीडि़ता को पता चलने पर उसने सरथाणा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके आधार पर साइबर क्राइम सैल ने जांच शुरू की और वैभव को ढूंढ निकाला। साइबर क्राइम सैल ने शनिवार रात उसे गिरफ्तार कर रविवार को सरथाणा पुलिस के हवाले कर दिया है।