सूरत

टिकट के ज्यादा रुपए लेने पर दो बुकिंग क्लर्क हुए सस्पेंड

हेल्पलाइन नम्बर पर की गई थी शिकायत
2 min read
• •
Updated: 17 Sep 2018, 12:49 PM IST
surat
टिकट के ज्यादा रुपए लेने पर दो बुकिंग क्लर्क हुए सस्पेंड

सूरत.

उधना स्टेशन पर करंट टिकट बुकिंग कार्यालय में रविवार सुबह बुकिंग क्लर्क द्वारा दो यात्रियों से टिकट दर से अधिक रुपए लेने का मामला सामने आया है। हेल्पलाइन नम्बर १३८ पर मामले की शिकायत किए जाने पर सूरत स्टेशन के अधिकारियों ने की जांच की। जांच में दो बुकिंग क्लर्कों के पास बेचे गए टिकट से अधिक रुपए मिले। दोनों को निलम्बित कर दिया गया है।

सूरत और उधना स्टेशन पर करंट टिकट बुकिंग कार्यालय में रेल कर्मचारी यात्रियों से टिकट से अधिक रुपए वसूलते हैं। बार-बार इसकी शिकायत होने के बाद भी ऐसे मामलों में कमी नहीं आई है। उधना स्टेशन पर रविवार सुबह दो यात्रियों से बुकिंग क्लर्क द्वारा पंद्रह और बीस रुपए अधिक लेने का मामला सामने आया।

धीरज पांडेय ने रविवार सुबह उधना स्टेशन के करंट बुकिंग कार्यालय की खिडक़ी संख्या दो पर उधना से पटना के लिए जनरल टिकट मांगा। साथ में एक प्लेटफॉर्म टिकट देने के लिए कहा। यहां बुकिंग क्लर्क ब्रिज शर्मा ड्यूटी पर था। धीरज को 425 रुपए देने थे, लेकिन शर्मा ने 440 रुपए लिए। दूसरे मामले में आकाश गुप्ता खिडक़ी संख्या तीन पर जनरल टिकट लेने गया, जहां नरेश सोलंकी ड्यूटी पर था। उसने यात्री से बीस रुपए अधिक लिए। यात्री ने 138 हेल्पलाइन नम्बर पर शिकात की।

हेल्पलाइन नम्बर से सूरत के डीसीएमआइ गणेश जादव को मामले की जांच करने के लिए कहा गया। डिप्टी एसएस कॉमर्शियल को जांच के लिए उधना स्टेशन भेजा गया। दोनों बुकिंग क्लर्क और उनके काउंटर की जांच की गई। नरेश सोलंकी के पास चालीस रुपए ज्यादा तथा ब्रिज शर्मा के पास चालीस रुपए कम मिले। डीसीएमआइ ने मुम्बई रेल मंडल की वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आरती सिंह परिहार को इससे अवगत करवाया।

आरती सिंह के निर्देश पर दोनों बुकिंग क्लर्कों को निलम्बित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि राजस्थान पत्रिका ने कई बार सूरत तथा उधना स्टेशन पर करंट टिकट बुकिंग कार्यालय में होने वाली वसूली की खबरें प्रकाशित की हैं। यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों से बुकिंग क्लर्क अधिक रुपए वसूलते हैं। इक्का-दुक्का मामले ही हेल्पलाइन नम्बर के जरिए कंट्रोल रूम तक पहुंच पाते हैं, इसलिए बुकिंग क्लर्कों के हौसले बुलंद रहते हैं।

Updated on:
17 Sep 2018, 12:49 PM IST
Published on: