सूरत

वाजपेयी के बताए रास्ते पर चलें

  सार्वजनिक प्रार्थना और श्रद्धांजलि सभा केन्द्रीय राज्यमंत्री मनसुख मांडविया रहे उपस्थित
2 min read
• •
Updated: 31 Aug 2018, 8:45 PM IST
patrika
वाजपेयी के बताए रास्ते पर चलें


सिलवासा. भाजपा कार्यकर्ताओं ने टाउन हॉल में स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में सर्वदलीय प्रार्थना सभा रखी। सभा में सांसद नटूभाई पटेल, राज्यसभा सांसद मनसुख मांडविया, प्रभारी रघुनाथ कुलकर्णी, नगरपालिका प्रमुख राकेश सिंह चौहान, उपप्रमुख अजय देसाई सहित अनेक नेताओं ने हिस्सा लिया।
पहले भाजपाइयों ने स्वर्गीय वाजपेयी को पुष्प अर्पित करके बारी-बारी से श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मांडविया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांत व प्रेरणा सदैव यादगार रहेगी। वाजपेयी न सिर्फ देश के प्रधानमंत्री रहे बल्कि एक हिन्दी कवि, रचनाकार, पत्रकार व प्रखर वक्ता भी थे। उन्होंने संपूर्ण जीवन भारतीय राजनीति में सक्रिय रहकर देश के लिए न्यौछावर कर दिया। उनकी भाषण शैली से पंडित जवाहर लाल नेहरू भी खूब प्रभावित थे। वाजपेयी गरीब, किसान और मजदूरों के उत्थान के लिए संघर्ष करते थे। उन्होंने ग्राम सडक़ योजना द्वारा पूरे देश को एक सूत्र में बांधा। नटूभाई पटेल ने बताया कि वाजपेयी ने प्रधानमंत्री कार्यकाल में देश को विकास के द्वार पर खड़ा किया था। उन्होंने पोखरण में परमाणु परीक्षण करके भारत को विश्वशक्ति में स्थान दिलाया। प्रार्थना सभा मेें कुलकर्णी व अन्य नेताओं ने भी वाजपेयी के गुणों का बखान किया।

दमण में भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए
दमण. स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आयोजित सार्वजनिक प्रार्थना और श्रद्धांजलि सभा में केन्द्रीय राज्यमंत्री मनसुख मांडविया उपस्थित रहे। नानी दमण नरहरि हॉल में आयोजित कार्यक्रम में अटलजी के चित्र पर पुष्पहार किए गए। उसके पश्चात लघु फिल्म के माध्यम से उनका जीवन परिचय दिया गया। विभिन्न धर्म गुरुओं ने प्रार्थना की। उसके पश्चात सडक़ परिवहन और शिपिंग केन्द्रीय राज्यमंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश और महानगरों को दो-लाइन और फोरलाइन हाइवे से जोड़ा है, वह अटलजी की देन है। उन्होंने ग्रामीण सडक़ योजना भी शुरू की थी। उन्होंने कहा कि अटलजी के रास्ते पर चले तो किसी को रास्ता भटकना नहीं पड़ेगा। दमण-दीव भाजपा के प्रभारी रघुनाथ कुलकर्णी ने कहा वाजपेयी जब सांसद थे, उस समय उनके साथ कार में मुंबई से पुणे गए थे। वे सादगी से रहते थे। दमण-दीव सांसद लालूभाई पटेल ने भी वाजपेयी के कार्यों को याद किया। प्रदेश अध्यक्ष गोपाल टंडेल ने कहा कि तत्कालीन केन्द्र सरकार ने वाजपेयी पर भरोसा कर बड़े कार्य सौंपे थे। मुस्लिम एसोसिएशन से खुर्शीद मांजरा ने भी वाजपेयी के कार्य से अवगत कराया। कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

Published on: