सूरत

सरदार ब्रिज पर नहीं चला पुलिस का प्रयोग, निषेधाज्ञा रद्द करनी पड़ी

अडाजण से गुजरात गैस सर्किल आने वाले वाहनों के इस ब्रिज पर आने पर रोक लगाई गई थी
2 min read
Jul 06, 2018
patrika photo
सरदार ब्रिज पर नहीं चला पुलिस का प्रयोग, निषेधाज्ञा रद्द करनी पड़ी

सूरत. शाम को पीक आवर्स में सरदार ब्रिज पर यातायात का दबाव घटाने के लिए पुलिस का प्रयोग राहत के बजाय सरदर्द साबित हुआ, इसलिए शुक्रवार को वह निषेधाज्ञा रद्द कर दी गई, जिसमें शाम को एक घंटे अडाजण से गुजरात गैस सर्किल आने वाले वाहनों के इस ब्रिज पर आने पर रोक लगाई गई थी। गैस सर्किल से अडाजण पाटिया की ओर जाने वाले रास्ते पर हालात बिगडऩे के कारण पुलिस को अपना फैसला वापस लेना पड़ा। सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) जेड.ए. शेख ने २९ जून को यह निषेधाज्ञा जारी की थी।

इसमें शाम को साढ़े छह बजे से साढ़े सात बजे तक अडाजण से अठवागेट की ओर आने वाले यातायात को मक्कई पुल की ओर डाइवर्ट किया गया था। अठवा गेट आने के लिए वाया मक्कई पुल, नानपुरा का रास्ता तय किया गया था। वहीं, सरदार ब्रिज के दोनों पुराने लेन अडाजण की ओर जाने के लिए खोल दिए गए थे।

प्रायोगिक तौर पर यह व्यवस्था एक जुलाई से १५ जुलाई तक के लिए की गई थी। पहले दिन रविवार की छुट्टी होने के कारण पुलिस को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई, लेकिन बाद में पुलिस के लिए व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। इसी मार्ग पर बीआरटीएस रूट होने के कारण वाहनों को मक्कई पुल की ओर मोडऩे में परेशानी होने लगी। मार्ग पर लंबा जाम लगने लगा। इन हालात ने पुलिस को छह दिन में ही निषेधाज्ञा रद्द करने को मजबूर कर दिया।

तीन महीने पहले भी नाकाम रहा था प्रयोग


सरदार ब्रिज पर इससे पहले पुलिस ने करीब तीन महीने पहले भी एक प्रयोग किया था और वह भी नाकाम रहा था। आरटीओ की ओर के छोर को 10 अप्रेल की शाम अचानक बंद कर दिए जाने से मजूरा गेट से अठवा गेट तक लंबा जाम लग गया था और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। वाहन चालक करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे थे। एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई थी और ट्रैफिक पुलिस को यातायात संभालने में काफी मशक्क्त करनी पड़ी थी।

Published on:
06 Jul 2018 08:47 pm