सूरत

पत्रिका पड़ताल :- भ्रष्टाचारियों की ढाल बन रहे अनाधिकृत कर्मचारी व टाउट…

एसीबी का दावा : तहसीलदार ने पांच हजार वेतन पर रखा था दलाल को - रिश्वत लेते पकड़ाया था अनिल नाम का युवक , ग्यारह वर्षो से तहसीलदार कार्यालय में काम करता था
2 min read
• •
Updated: 27 Aug 2021, 9:53 AM IST
पत्रिका पड़ताल :- भ्रष्टाचारियों की ढाल बन रहे अनाधिकृत कर्मचारी व टाउट...
पत्रिका पड़ताल :- भ्रष्टाचारियों की ढाल बन रहे अनाधिकृत कर्मचारी व टाउट...

दिनेश एम.त्रिवेदी
सूरत. सरकारी महकमों के भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों ने अनाधिकृत तौर पर कर्मचारियों व टाउटों को अपनी ढाल बना रखा है। लोगों से सीधे मुखातिब होने के बजाय वे उनका इस्तेमाल कर रिश्वत की काली कमाई करते हैं। इसमें से वे एक हिस्सा खुद के द्वारा रखे गए कर्मचारी या दलाल को देते हैं।

यह हम नहीं कह रहे, बल्कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा की जा रही जांच में कुछ ऐसा ही सामने आया है। ब्यूरो ने दो दिन पूर्व सूरत के बहुमाली स्थित तहसीलदार कार्यालय में जाल बिछा कर अनिल नाम के एक युवक को 50 रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।

वह कार्यालय में रह कर शांतिभंग के मामलों में जमानत के लिए आने वाले आरोपियों से 50 से 200 रुपए की रिश्वत लेता था और उनके नाम रजिस्टर में दर्ज करता था। एसीबी ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया तो पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले ग्यारह वर्षो से तहसीलदार कार्यालय में काम करता था और तहसीलदार उसे प्रतिमाह पांच हजार रुपए का वेतन देते थे।

जबकि महकमे के अधिकृत रिकॉर्ड में कहीं भी उसका नाम दर्ज नहीं है। वह अनाधिकृततौर पर काम कर रहा था। हालांकि रिश्वत लेने के मामले में तहसीलदार की भूमिका को लेकर उसने स्पष्ट रूप से कोई खुलासा नहीं किया है। इस संबंध में एसीबी द्वारा लिप्त कर्मचारियों के खिलाफ साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

अनाधिकृत कर्मचारी व टाउटों का बोलबाला

सूत्र बताते हैं कि सिर्फ बहुमाली स्थित तहसीलदार कार्यालय ही नहीं, बल्कि भ्रष्ट माने जाने वाले अधिकतर सरकारी महकमों में इस तरह के अनाधिकृत कर्मचारियों या टाउटों का बोलबाला है। उनसे बात किए बिना कोई काम नहीं होता हैं। क्योंकि इन्हें पोसने वाले भ्रष्ट अधिकारी व कर्मचारी सीधे लोगों से मुखातिब होने से बचते हैं। यदि कोई उन तक पहुंचता भी हैं तो वे बेवजह उनके काम लटका कर रखते हैं।

ताकि वे इन अनाधिकृत कर्मचारियों व टाउटों का इस्तेमाल कर उनसे रिश्वत वसूल सके। भ्रष्ट माने जाने वाले राजस्व विभाग, मनपा के अंदर और बाहर खुद को कॉन्ट्रेक्ट का कर्मचारी या फॉर्म आदि भरने मेें मदद करने वाला कहने वाले टाउट मंडराते हुए नजर आ जाते हैं। पुलिस थानों में ये ऑटो रिक्शा चालकों के रूप में मौजूद हैं। वहीं, आरटीओ समेत अन्य महकमों के एजेन्ट के तौर पर जाने जाते हैं।

अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवा भी करते हैं

ये अनाधिकृत कर्मचारी या टाउट भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए रिश्वत ही नहीं जुटाते हैं, बल्कि अपनी आमदनी का जरिया बचाए रखने के लिए उनकी सेवा भी खूब करते हैं। वे उनके कार्यालय के काम ही नहीं करते, बल्कि उनके लिए सब्जी लाने, बच्चों को स्कूल छोडऩे से लेकर सभी तरह के घरेलू काम भी करते हैं। कई शातिर तो ऐसे हैं जो अधिकारियों को झांसा देकर रिश्वत का मोटा हिस्सा ऐंठ लेते हैं।

पूर्व में चलाया था अभियान, हालात फिर जस के तस :

जानकारों की माने तो सरकार ने पूर्व में राजस्व विभाग, आरटीओ, मनपा समेत विभिन्न सरकारी महकमों को इन टाउटों से मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया था। सूरत में भी टीमें बना कर कई जगह कार्रवाई की थी। कई टाउटों को पकड़ा भी गया था। साथ सभी सरकारी कार्यालयों में इन टाउटों के प्रवेश पर प्रतिबंध भी लगाया था। कुछ समय तक तो हालात कुछ ठीक रहे, लेकिन बाद बात आई गई हो गई। हालात फिर जस के तस हो गए।

Published on: