सूरत के कामरेज के पास नेशनल हाइवे 48 पर ट्रक ने मारी टक्कर, तोगडिय़ा समेत सभी सुरक्षित , सूरत जिला पुलिस जांच में जुटी
सूरत/बारडोली. विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगडिय़ा की कार बुधवार सुबह सूरत के कामरेज के पास नेशनल हाइवे नंबर 48 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तोगडिय़ा दोपहर करीब 11 बजे जेड़ कैटेगरी सुरक्षा के साथ वड़ोदरा से सूरत आ रहे थे, इस दौरान नेशनल हाइवे संख्या 48 पर एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में तोगडिय़ा समेत सभी सुरक्षित बताए जा रहे है। हादसे के बाद ग्रामीण पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वड़ोदरा से सूरत आ रहे थे
वीएचपी नेता प्रवीण तोगडिय़ा बुधवार को सूरत के सचिन में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने वड़ोदरा से सूरत आ रहे थे। जेड़ कैटेगरी सुरक्षा के साथ वह सुबह वड़ोदरा से निकले थे। करीब 11 बजे उनकी कार सूरत के कामरेज के पास नेशनल हाइवे नंबर 48 से गुजर रही थी, तभी उनकी कार को ट्रक ने टक्कर मार दी।
बाल-बाल बचे
प्रत्यदर्शियों के मुताबिक हादसे में वीएचपी नेता बाल-बाल बचे। जैसे ही ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मारी और इसके बाद वह जल्द ही कार से बाहर निकल आए। उनके साथ के सुरक्षा जवान और चालक को भी किसी तरह चोट नहीं लगी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
समर्थक उमड़े
वीएचपी नेता प्रवीण तोगडिय़ा की कार दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर जैसे ही फैली उनके समर्थकों में चिंता फैल गई। बड़ी संख्या में समर्थक दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। तोगडिय़ा को सुरक्षित देख सभी ने राहत की सांस ली।
हत्या के प्रयास चर्चा
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व विहिप के अन्तराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगडिया ने उनकी हत्या हो सकती है ऐसी आशंका व्यक्त की थी। ऐसे में बुधवार को सूरत के कामरेज के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त होने के साथ ही उनकी हत्या का प्रयास किए जाने की चर्चा शुरू हो गई। हादसे के बाद प्रवीण तोगडिय़ा प्रेसवार्ता को संबोधित करने वाले है। ऐसे में वह हादसे को लेकर क्यां कुछ कहते है इस पर सबकी नजर टीकी हुई है।