
सूरत. विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सूरत आने पर शुक्रवार शाम सूरत इकाई की ओर से स्वागत किया गया। इस मौके पर सारोली विप्र गौरव भवन में आयोजित समारोह में विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक व पथमेड़ा गौधाम महातीर्थ के राष्ट्रीय महामंत्री सुशील ओझा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। समारोह में विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांवरमल माटोलिया ने भवन समेत संगठन की अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान जोशी व ओझा ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित किया। समारोह में सूरत इकाई अध्यक्ष घनश्याम सेवग, महामंत्री मीठालाल पालीवाल, तुलसी राजपुरोहित, बाबुलाल पालीवाल, दिनेश पुरोहित, मनोज दाधीच, सज्जन महर्षि समेत अन्य लोग मौजूद थे।
बच्चों को अच्छे-बुरे स्पर्श की दी सीख
शहर के वार्ड 17 में बच्चों व अभिभावकों को बाल यौन शोषण के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शहर पुलिस उपायुक्त विधि चौधरी व लिंबायत थाना प्रभारी चेतन जादव ने गुड टच व बेड टच के बारे में बच्चों व अभिभावकों को जानकारी दी। इस दौरान पार्षद विजय चौमाल, हिम्मत बेलडिय़ा आदि मौजूद थे।
विजयादशमी पर्व मनाया
राजस्थान क्षत्रिय (राजपूत) समाज की ओर से विजयादशमी पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। समारोह का आयोजन शाम 5 बजे से गोडादरा रोड पर तुलसी गार्डन में किया गया। समारोह में मुख्य मेहमान के रूप में तारातरा मठ के मठाधीश प्रतापपुरी महाराज, कुबाजी मठाधीश्वर वासुदेवाचार्य महाराज, डॉ. प्रेमदान भारतीय समेत अन्य लोग मौजूद रहे। समारोह में वक्ताओं ने क्षत्रिय धर्म के पालन पर जोर देते हुए सामाजिक कुरीतियों को मिटाने का भी आह्वान किया। इस दौरान शस्त्र पूजन समेत अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
सेमिनार
जीवन आदर्श उत्कर्ष परिषद की ओर से स्वास्थ्य सेमिनार का आयोजन रविवार सुबह साढ़े नौ बजे से सिटीलाइट के महाराजा अग्रसेन भवन में किया जाएगा। इसमें जयपुर के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अशोक पनगडिय़ा न्यूरो संबंधी कई आवश्यक जानकारी देंगे।
प्रतियोगिता
गीता परिवार की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन रविवार शाम चार बजे से वेसू में मनभरी फार्म में किया जाएगा। इसमें 4 से 18 वर्ष की उम्र के प्रतियोगी भाग लेंगे।