सूरत

पश्चिम रेलवे ने उधना से भागलपुर के लिए एक और स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की

सूरत-छपरा ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में बुधवार को इतनी भीड़ थी कि 800 से एक हजार यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ पाए। क्राउड मैनेजमेंट अधिकारियों ने मंगलवार की तरह ऐसे यात्रियों को उधना स्टेशन भेजकर उधना-छपरा स्पेशल से गांव रवाना किया। यात्रियों के मुताबिक, रिजर्वेशन डिब्बों की हालत जनरल से बदतर है। शौचालय जाने वाले यात्रियों को भी काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। राजस्थान पत्रिका में बुधवार को प्रकाशित खबर के बाद पश्चिम रेलवे ने 13 अप्रेल को उधना-भागलपुर स्पेशल चलाने की घोषणा की है।
2 min read
• •
Updated: 11 Apr 2024, 9:27 PM IST
पश्चिम रेलवे ने उधना से भागलपुर के लिए एक और स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की
पश्चिम रेलवे ने उधना से भागलपुर के लिए एक और स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की

सूरत समेत दक्षिण गुजरात में रहने वाले अलग-अलग राज्यों के प्रवासी गर्मी की छुट्टियों में गांव जाते हैं। सूरत और उधना से चलने वाली नियमित ट्रेनों पर बड़ी संख्या में यात्री छुट्टियों में अपने शहर या गांव जाने के लिए पहुंच रहे हैं। सूरत-छपरा ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के समय प्लेटफार्म संख्या चार यात्रियों से खचाखच भरा होता है।

पश्चिम रेलवे के मुम्बई मंडल के अधिकारियों की निगरानी में सूरत तथा उधना स्टेशन पर क्राउड मैनेजमेंट टीम कार्यरत है। सूत्रों ने बताया कि बुधवार को ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में 800 से एक हजार यात्री नहीं चढ़ पाए थे। बाद में अधिकारियों ने सूरत-वलसाड मेमू से यात्रियों को उधना से स्पेशल ट्रेन जाने की जानकारी देकर रवाना किया। उधना स्टेशन से बुधवार को उधना-छपरा अनारक्षित स्पेशल सुबह 11.25 बजे रवाना हुई। यात्रियों ने बताया कि स्लीपर कोच में वेटिंग के साथ-साथ जनरल टिकट वाले यात्रियों की संख्या बहुत अधिक होने से आरक्षण करवाने वाले दूसरे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। डिब्बे के पैसेज में सामान रखकर यात्री उसी पर बैठ जाते है। वहीं, दरवाजे के निकट और शौचालय के आसपास एक कोच से दूसरे कोच में जाने वाले रास्ते पर भी बड़ी संख्या में यात्री बैठे होते है।

गौरतलब है कि मंगलवार को भागलपुर एक्सप्रेस और बुधवार को ताप्ती गंगा एक्सप्रेस पर लगातार दो दिन से बड़ी संख्या में यात्री चढ़ नहीं पा रहे है। राजस्थान पत्रिका ने बुधवार के अंक में भागलपुर एक्सप्रेस में नहीं चढ़ पाए 800 से अधिक पैसेंजर, चलानी पड़ी दूसरी ट्रेन शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद पश्चिम रेलवे ने 13 अप्रेल को उधना से भागलपुर के लिए एक और स्पेशल ट्रेन चलाएगी।

उधना-भागलपुर स्पेशल का एक और फेरा 13 अप्रेल को

उधना-भागलपुर स्पेशल 13 अप्रेल को उधना से रात 8.35 बजे रवाना होकर भागलपुर सोमवार सुबह 8 बजे पहुंचेगी। वापसी में भागलपुर-उधना स्पेशल 14 अप्रेल को भागलपुर से सुबह 11 बजे रवाना होकर मंगलवार रात 9.30 बजे उधना पहुंचेगी। इसमें दो द्वितीय एसी, 4 तृतीय एसी, 16 द्वितीय श्रेणी शयनयान, दो जनरल समेत 24 डिब्बें रहेंगे। ट्रेन की बुकिंग 12 अप्रेल से शुरू होगी।

Published on:
Also Read
View All