
एंटवर्प (बेल्जियम)। ब्रिटेन के पूर्व नंबर-1 खिलाड़ी एंडी मरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूरोपियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है।
मरे ने पहला सेट हारने के बाद अगले दो सेटों में शानदार वापसी करते हुए पूर्व वर्ल्ड नंबर-3 स्विट्जरलैंड के स्टेनिसलास वावरिंका को हराकर खिताब अपने नाम किया।
मरे ने तीन बार के ग्रैंड स्लैम विजेता वावरिंका को 3-6, 6-4, 6-4 से मात दी। उन्होंने दो घंटे 27 मिनट में यह मुकाबला जीता।
32 वर्षीय मरे का दुबई में मार्च 2017 के बाद से यह पहला एटीपी और करियर का 46वां एकल खिताब है। इस जीत के बाद मरे काफी भावुक हो गए और वह अपने आंसुओं को रोक नहीं सके।
मरे और वावरिंका करियर में दूसरी बार किसी खिताबी मुकाबले में आमने-सामने हुए हैं। इससे पहले दोनों खिलाड़ी 2008 में दोहा में किसी खिताबी मुकाबले में आमने-सामने हुए थे, जहां मरे ने तीन सेटों तक चले मुकाबले को जीतकर खिताब अपने नाम किया था।