Tennis News

फ्रेंच ओपन टेनिस : फेडरर और मुगुरुजा समेत कई खिलाड़ियों ने बनाई दूसरे दौर में जगह बनाई

चार साल बाद फ्रेंच ओपन खेलने उतरे हैं फेडरर सिलिक, सितसिपास और दिमित्रोव भी पहुंचे दूसरे दौर में महिलाओं में मार्टिक, लार्सन और पोतापोवा भी पहले दौर में जीतीं
2 min read
• •
Updated: 26 May 2019, 10:12 PM IST
Roger federer
फ्रेंच ओपन टेनिस : फेडरर और मुगुरुजा समेत कई खिलाड़ियों ने बनाई दूसरे दौर में जगह बनाई

पेरिस : फ्रेंच ओपन टेनिस के पुरुष एकल मुकाबले में स्विट्जरलैंड के स्टार टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर, मारिन सिलिक, स्टेफानोस सितसिपास और ग्रिगोर दिमित्रोव ने रविवार को यहां जारी साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में जगह बना ली है। वहीं महिला एकल मुकाबले में स्पेन की गार्बिजा मुगुरुजा, पेत्रा मार्टिक, जोहाना लार्सन और एनास्तासिया पोतापोवा ने भी पहले दौर का मुकाबला जीत कर दूसरे दौर में जगह बना ली।

फेडरर ने लोरेंजो सोनेगो को हराया

20 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता और विश्व वरीयता क्रम में तीसरे स्थान पर काबिज रोजर फेडरर ने पहले दौर के मुकाबले में इटली के लोरेंजो सोनेगो को 6-2, 6-4, 6-4 से मात दी। उन्होंने एक घंटे 41 मिनट में यह मुकाबला जीता। बता दें कि फेडरर चार साल बाद फ्रेंच ओपन में उतरे हैं। अब दूसरे दौर में उनका मुकाबला जर्मनी के ऑस्कर ओटे से होगा। ओटे ने ट्यूनीशिया के मलिक जजीरी को 6-3, 6-3, 4-6, 6-0 से हराया।

सितसिपास, सिलिक और दिमित्रोव भी पहुंचे दूसरे दौर में

विश्व नंबर-6 यूनान के स्टेफानोस सितसिपास ने पहले दौर के मैच में जर्मनी के मैक्सिमिलियन मारटेर को सीधे सेटों में 6-2, 6-2, 7-6 (7-4) से मात दी। इसके अलावा एक और पुरुष एकल मुकाबले में बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव ने पांच सेट तक चले बेहद कठिन मुकाबले में सर्बिया के यांको टिप्सारेविक को 6-3, 6-0, 3-6, 6-7 (4-7), 6-4 से मात दी।
इससे पहले विश्व नम्बर-11 क्रोएशिया के मारिन सिलिक ने भी इटली के थॉमस फेबियानो को सीधे सेटों में 6-3, 7-5, 6-1 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाया।

महिलाओं में मुगुरुजा जीतीं, कर्बर उलटफेर की शिकार

महिला एकल वर्ग में स्पेन की महिला टेनिस खिलाड़ी गार्बिने मुगुरुजा ने तीन सेट तक चले एकल वर्ग के मैच में अमरीका की टेलर टाउन्सेंड को 5-7, 6-2, 6-2 से मात दी। उनके अलावा आज हुए एक अन्य मुकाबले में क्रोएशिया की पेत्रा मार्टिक ने ट्यूनिशिया की ओन्स जाबेउर को मात दी थी।
फ्रेंच ओपन के पहले दौर के एक अन्य मुकाबले में स्वीडन की जोहाना लार्सन ने सीधे सेटों में माग्दालेना राइबारिकोवा को 6-3, 6-4 से पराजित किया। अब दूसरे दौर में लार्सन का सामना मुरुगुजा से होगा। आज महिला एकल वर्ग में एक बड़ा उलटफेर भी देखने को मिला। विश्व नम्बर-5 जर्मनी की एंजेलिक कर्बर को 18 साल की गैरवरीय रूसी खिलाड़ी एनास्तासिया पोतापोवा ने सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से मात दी।

Published on: