Rainbow- क्षितिज पर सप्त रंगों से सजा खूबसूरत इंद्रधनुष उभरा जिसे लोग कई मिनटों तक निहारते रहे
Rainbow- मध्यप्रदेश में मौसम नित नए तेवर बदल रहा है। कहीं धूप, कहीं छांव पसरी है। प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो रही है तो कहीं ओले भी बरस रहे हैं। कुछ जगहों पर मौसम इतना मेहरबान है कि माहौल में रूमानियत बढ़ा रहा है। प्रदेश के टीकमगढ़ का भी कुछ ऐसा ही हाल है। यहां दोपहर में तेज आंधी चली और हल्की बारिश भी हुई। बरसात के बाद अचानक आसमान पर एक मनमोहक नजारा दिखाई देने लगा। क्षितिज पर सप्त रंगों से सजा खूबसूरत इंद्रधनुष उभरा जिसे लोग कई मिनटों तक निहारते रहे।
टीकमगढ़ जिला मुख्यालय पर सोमवार को दिन मौसम के बदलते रुख के नाम रहा। यहां घने बादल घिरे और तेज हवाएं भी चलीं। कुछ देर पानी भी बरसा। मौसम की इस गहमागहमी के बीच आसमान में इंद्रधनुष खिला। बादलों के बीच आसमान में बिखरे सप्त रंगों की इस आकृति ने लोगों को खासा लुभाया।
दोपहर में आंधी और हल्की बारिश के बाद जब आसमान में काले बादल छाए हुए थे तभी अचानक क्षितिज पर सप्त रंगों से सजा खूबसूरत इंद्रधनुष दिखाई दिया। बादलों के बीच उभरे इस मनमोहक दृश्य ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
करीब 15 से 20 मिनट तक आसमान में साफ नजर आ रहे इंद्रधनुष को देखने के लिए लोग घरों की छतों और सड़कों पर निकल आए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इसकी तस्वीरें और वीडियो भी बनाए। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।