
Jatara-Chhatarpur Road Widening: मध्य प्रदेश के दो जिलों को बहुत जल्द चकाचक नई सड़क लकी सौगात मिल सकती है। टीकमगढ़ जिले के जतारा क्षेत्र के लोगों को जल्द ही छतरपुर तक नई सड़क का तोहफा मिल सकता है। लोक निर्माण विभाग ने मांची तिगेला से खरगापुर, कुड़ीला, दोर चंदेरी होते हुए नौगांव एनएच मार्ग तक सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए 1 अरब 57 करोड़ रुपए का डीपीआर तैयार की है। यदि शासन इस सड़क को स्वीकृति दे देता है तो लोगों को छतरपुर पहुंचने के लिए 15 किलोमीटर कम दूरी भी तय करनी पड़ेगी।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ आलोक खरे ने बताया कि यह परियोजना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में मांची तिगेला से दोर चंदेरी होते हुए नौगांव एनएच तक लगभग 41 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 89 करोड़ 51 लाख रुपए का डीपीआर तैयार किया गया है। वहीं दूसरे चरण में दोर चंदेरी से छतरपुर तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसकी लगात 68 करोड़ रुपए आएगी। यह सड़क छतरपुर जिले के क्षेत्र में आएगी। दोनो जिलों ने डीपीआर तैयार कर भेज दिए हैं।
वर्तमान में यहां पर सिंगल सड़क है। अब इसका उन्नयन कर इसे 7 मीटर (करीब 24 फीट) चौड़ा बनाया जाएगा। साथ ही सड़क के दोनों ओर दो-दो फीट की पटरी बनाई जाएगी। इससे जतारा से छत्तरपुर जाने का मार्ग सुगम होगा। साथ ही जतारा से छतरपुर की दूरी में भी 15 किलोमीटर का अंतर आएगा। वर्तमान में क्षेत्र के लोगों को पलेरा होकर लगभग 85 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। नई सड़क बनने के बाद यह दूरी 70 किलोमीटर रह जाएगी। ऐसे में समय और ईधन दोनों की बचत होगी। विदित हो कि वर्तमान में क्षेत्र के अनेक लोग बाजार, स्वास्थ्य आदि सेवाओं के लिए छतरपुर आते-जाते हैं। ऐसे में इस सड़क के निर्माण से लोगों को और भी सुविधा होगी।
इस परियोजना का डीपीआर शासन को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद योजना पर आगे का काम शुरू किया जाएगा।- आलोक कुमार खरे, एसडीओ, जतारा।