31 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एमपी में सरकारी नौकरियों के लिए लागू होगी UPSC जैसी व्यवस्था, सीएम मोहन यादव की बड़ी घोषणा

Government Jobs In MP : मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए जल्द ही UPSC जैसी व्यवस्था लागू होगी। एक परीक्षा से अभ्यर्थियों का चयन हो सकेगा। राम राजा की नगरी ओरछा से सीएम मोहन यादव ने की बड़ी घोषणा।
2 min read
Google source verification
Government Jobs In MP

मंच से संबोधन करते सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स: @BJP4MP)

Orcha News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में सरकारी भर्तियों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। टीकमगढ़ जिले से अलग होकर बने निवाड़ी जिले में स्थित राजा राम की नगरी ओरछा में कार्यकर्म को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, प्रदेश में यूपीएससी की तर्ज पर एकीकृत परीक्षा व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को अलग-अलग पदों के लिए बार-बार परीक्षाएं देने की जरूरत कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, एक परीक्षा के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा और उनकी योग्यता के आधार पर विभिन्न सरकारी पदों के लिए नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि, सरकार का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।

अभ्यर्थियों का समय और संसाधन बचेंगे

एक समान परीक्षा प्रणाली लागू होने से अभ्यर्थियों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे तथा अलग-अलग विभागों की परीक्षाओं में शामिल होने की परेशानी भी कम होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने पर भी जोर दिया है। इससे पहले उन्होंने अगले पांच वर्षों में ढाई लाख सरकारी भर्तियां करने की बात कही थी।

सीएम मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस लंबे समय से झूठ और भ्रम की राजनीति के आधार पर वोट बटोरने का काम करती रही है। उन्होंने ये भी कहा कि, कांग्रेस के शासनकाल में गरीब और गरीब होता गया, जबकि भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।

'लाड़ली बहना योजना' को लेकर पलटवार

मुख्यमंत्री यादव ने लाड़ली बहना योजना को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा सरकार महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाती है, तब कांग्रेस के नेता इस राशि को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। सीएम ने कहा कि महिलाओं को मिलने वाली सम्मान राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों को पूरा करने और घर को मजबूत बनाने में होता है। ऐसे बयानों से प्रदेश की बहनों और बेटियों को ठेस पहुंचती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, महिलाओं का अपमान प्रदेश की जनता भूलेगी नहीं। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब विकास और जनकल्याण के कामों को देखकर निर्णय ले रही है।

रामराजा सरकार की नगरी ओरछा का बदलेगा भविष्य

मुख्यमंत्री ने ओरछा के विकास को लेकर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि रामराजा सरकार की नगरी ओरछा का भविष्य बदलेगा और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं तैयार की जाएंगी। ओरछा में भाजपा की हालिया राज्य कार्यकारिणी बैठक के दौरान भी प्रदेश के आगामी विकास और राजनीतिक रोडमैप को लेकर मंथन हुआ।