हत्यारी मां ने अपने ही 4 साल के बच्चे को बेरहमी से मार डाला, पकड़ी गई तो बोली- ससुराल वालों से परेशान थी।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपने ही जिगर के टुकड़े की तालाब में डूबो कर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को टीकमगढ़ में स्थित महेन्द्र सागर तालाब में एक 4 वर्षीय बच्चे का शव मिला था। राहगीरों ने जब शव को पानी में तेरता देखा तो तत्काल पुलिस को खबर दी। जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही बच्चे की शिनाख्त के लिए पड़ताल शुरु की। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि रोरैया मुहल्ले में रहने वाली शारदा साहू नाम की महिला कुछ देर पहले अपने बच्चे के साथ यहां दिखी थी।
जानकारी लगते ही रोरैया मुहल्ले पहुंची पुलिस ने महिला को पकड़कर बच्चे के बारे में पूछताछ की। इसपर महिला ने पहले तो पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन जब पुलिस ने महिला से कड़ाई से पूछताछ की तो महिला रो पड़ी और उसने अपने ही बच्चे की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। महिला ने बताया कि वो अपने परिवार वालों से परेशान है। इसी के चलते गुस्से में आकर वो अपने बेटे अर्पित को तालाब में फेंक आई थी।
वहीं अन्य तफ्तीश में पुलिस को पता चला है कि महिला ज्यादा पढ़ी लिखी है, जिसके चलते वो अपने ससुराल में सेटल नहीं हो पा रही थी। इसी के चलते आए दिन परिवार में उसके झगड़े हो रहे थे। शुक्रवार को भी किसी बात पर महिला का उसके ससुराल पक्ष से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस का कहना है कि अपने बच्चे को तालाब में फैंककर आने के बाद जब महिला से उसके पति और ससुराल वालों ने अर्पित के बारे में पूछा तो उसने उन सभी को घुमाना शुरु कर दिया। यही नहीं वो घर वालों के साथ बच्चे को ढूंढने का ढोंग भी करती रही। लेकिन जब पुलिस पड़ताल में हत्या का खुलासा हुआ तो घर के सभी लोग महिला के इस कृत्य पर दंग रह गए। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।