खेत में मिली नाबालिग युवती की लाश की गुत्थी सुलझी, प्रेमी ही निकला हत्यारा, अकेले में मिलने बुलाकर उतारा था मौत के घाट...
टीकमगढ़ के रामपुर रसीला खिरक गांव में 28 अप्रैल को मिली 17 साल की नाबालिग युवती की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। युवती का कातिल उसका ही प्रेमी निकला है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात से पहले आरोपी प्रेमी ने प्रेमिका को मिलने के लिए बुलाया था जहां दोनों के बीच विवाद हुआ और फिर प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि 28 अप्रैल को रमपुर रसीला खिरक गांव में एक खेत में नाबालिग का शव मिला था। नाबालिग गांव की ही रहने वाली थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। तफ्तीश के दौरान पता चला की नाबालिग का गांव के ही रहने वाले अवध यादव से प्रेम प्रंग चल रहा था। साइबर सेल की मदद से जब अवध यादव की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई तो वो घटनास्थल के पास ही थी। इस आधार पर पुलिस ने प्रेमी अवध यादव को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अवध यादव ने बताया कि उसे इस बात का शक था कि नाबालिग के उसके अलावा भी किसी और से अवैध संबंध हैं। उसने फोन कर नाबालिग को मिलने के लिए गांव के बाहर बुलाया था और जब वो आई तो उनके बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान प्रेमी अवध ने नाबालिग प्रेमिका से मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर लाश को खेत में फेंक दिया था।