
Niwari Nursing Student Video Viral: मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की एक युवती का रोचक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही युवती जो, लंबे समय से परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार कर रही है, उसने अपनी परेशानी और नाराजगी खुलकर जाहिर की। युवती ने केंद्र एवं राज्य सरकार से भी अपील की है। युवती ने वीडियो में कहा कि 'नर्सिंग करते-करते शादी हो गई। बच्चा भी हो गया। अब क्या बुड्ढे हो जाएंगे, कब आएगा रिजल्ट? वीडियो अपलोड कर अपील करने वाली युवती का नाम आरती कुशवाहा है।
वीडियो में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा आरती कुशवाहा (Nursing Student Aarti Kushwaha Video Viral) ने कहा कि, यह वीडियो मोदीजी के लिए बना रही हूं। मेरा नाम आरती कुशवाहा है। मैं एमपी की छोटे से जिले निवाड़ी की रहने वाली हूं। मैंने साल 2020 में बीएससी नर्सिंग में एडमिशन लिया था। 2020 से 2026 आ गया लेकिन मेरी नर्सिंग की पढ़ाई अब तक खत्म नहीं हुआ है। यही नहीं, थर्ड ईयर के एग्जाम होने के बाद अब तक उसका रिजल्ट नहीं आया है। मेरी थर्ड ईयर की परीक्षा इसी साल के जनवरी महीने में हुए थे और अब अगस्त आ चुका है और मेरा रिजल्ट अब तक नहीं आया।
आरती ने आगे कहा कि मैं सरकार से पूछना चाहती हूं कि क्या मैं पूरी जिंदगी बीएससी नर्सिंग करते हुए निकाल दूं? नर्सिंग करते हुए मेरी शादी हो गई, बच्चा भी हो गया। अब मुझे ऐसा लग रह कि मैं बुड्ढी हो जाउंगी लेकिन मेरी बीएससी नर्सिंग पूरी नहीं होगी। छात्र ने कहा कि मुझे पढ़ाई करते हुए 6-7 साल में सिर्फ थर्ड ईयर तक ही पढ़ाई पहुंची है और उसका भी रिजल्ट अब तक नहीं आया है। पता नहीं फोर्थ ईयर करने में कितने साल लग जाएंगे।
आरती ने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की। नर्सिंग छात्रा ने कहा कि मोदीजी कुछ ऐसा करें कि मेरा रिजल्ट जल्दी आ जाए और जल्द एग्जाम हो। मैं दतिया के एसआरआई नर्सिंग कॉलेज से नर्सिंग कर रही हूं जो जबलपुर यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड है। आरती ने आगे बोला कि मुझे लगा था कि नए शिक्षा मंत्री (केन्द्र) आ चुके हैं तो शायद रिजल्ट आ जाए लेकिन नहीं आया।
नर्सिंग छात्रा ने आगे नीट एग्जाम पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन की बात करते हुए कहा कि मैं तो जंतर-मंतर पर जाकर अकेले प्रोटेस्ट नहीं कर सकती हूं। नीट के छात्रों के लिए इतने लोग खड़े हो गए थे लेकिन मैं तो अकेली हूं। आरती ने बताया कि नर्सिंग में बहुत से छात्र रिजल्ट के लिए परेशान हैं। डिग्री नहीं होने के कारण मैं कोई अन्य परीक्षा नहीं दे पा रही हूं। इस लिए मोदीजी प्लीज एमपी सरकार से कहकर मेरा रिजल्ट डलवाइए। छात्रा ने कहा कि मैं एक हाउसवाइफ हूं। मुझे घर और बच्चे की देखभाल करनी होती है। इसके बाद अपनी पढ़ाई के लिए समय भी निकलना पड़ता है। आरती ने वीडियो के अंत में लोगों से अपील करते हुए कहा कि मेरी वीडियो को पीएम तक पहुंचाए।