टीकमगढ़

राजस्थान का ठेकेदार भागा, अब ९ साल बाद पूरा होगा प्रधानमंत्री मल्टी आवास प्रोजेक्ट

24 करोड़ की लागत से 288 फ्लैट, कमजोर वर्ग को मिलेगा पक्का आशियाना

2 min read
Feb 08, 2026
24 करोड़ की लागत से 288 फ्लैट, कमजोर वर्ग को मिलेगा पक्का आशियाना
24 करोड़ की लागत से 288 फ्लैट, कमजोर वर्ग को मिलेगा पक्का आशियाना

टीकमगढ़ केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री मल्टी आवास योजना के तहत टीकमगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में वर्ष 2017 में शुरू हुआ आवासीय प्रोजेक्ट ठेकेदार की लापरवाही और प्रशासनिक विवादों के चलते वर्षों तक अधर में लटका रहा। भुगतान विवाद के बाद वर्ष 2019 में राजस्थान का ठेकेदार निर्माण कार्य छोडक़र फ रार हो गया था। जिससे 24 करोड़ रुपए की लागत वाला यह प्रोजेक्ट करीब पांच साल तक ठप पड़ा रहा। अब नगरीय प्रशासन विभाग भोपाल की स्वीकृति के बाद वर्ष 2025 में कार्य पुन: शुरू कर दिया गया है। जिसे 2026 के पूर्व पूर्ण किए जाने की संभावना है।

नगरपालिका द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के परिवारों को सस्ते दामों पर पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना बनाई गई थी। ढोंगा कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित इस प्रोजेक्ट के तहत 288 फ्लैटों का निर्माण किया जाना है। योजना की स्वीकृति वर्ष 2016 में मिली थी, जबकि टेंडर प्रक्रिया वर्ष 2017 में पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। शुरुआती चरण में नींव और आंशिक निर्माण कार्य हुआ, लेकिन भुगतान को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण ठेकेदार ने काम बंद कर दिया और मामला न्यायालय तक पहुंच गया। इसके बाद वर्ष 2019 से 2025 तक यह प्रोजेक्ट पूरी तरह बंद रहा।

2025 में फि र शुरू हुआ निर्माण

नगरपालिका के उपयंत्री दीपक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मल्टी आवास योजना का यह प्रोजेक्ट पिछले पांच वर्षों से बंद पड़ा था। भोपाल स्थित नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्रालय से पुन: स्वीकृति मिलने के बाद वर्ष 2025 में निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया है। वर्तमान में कार्य तेजी से प्रगति पर है और आगामी तीन से चार महीनों में फ्लैटों का निर्माण पूर्ण कर लिया जाएगा।

ऐसे मिलेगा हितग्राहियों को लाभ

योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को 288 तैयार फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। एक फ्लैट की अनुमानित कीमत 8 लाख रुपए रखी गई है। हितग्राही को पंजीयन के समय 50 हजार रुपए जमा करने होंगे। इसके बाद 3 लाख रुपये की सब्सिडी सरकार द्वारा दी जाएगी, जबकि 4.50 लाख रुपए का ऋ ण बैंक से उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार हितग्राही को एक पक्का फ्लैट मात्र 5 लाख रुपये में प्राप्त होगा।

सामान्य वर्ग के लिए भी प्लॉट

इसके अलावा सामान्य श्रेणी के परिवारों के लिए 193 प्लॉट भी विकसित किए गए है। जिन पर हितग्राही स्वयं नियमों के अनुसार निर्माण कर सकेंगे। नगरपालिका द्वारा इस पूरे क्षेत्र में सडक़, नाली, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ विशेष विकास कार्य कराए जाएंगे। ढोंगा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी योजना में शामिल है।

प्रधानमंत्री मल्टी आवास योजना का शुभारंभ वर्ष 2017 में हुआ था, लेकिन विवाद के चलते वर्ष 2019 में राजस्थान का ठेकेदार काम छोडक़र भाग गया। इसके बाद 2025 तक निर्माण कार्य बंद रहा। अब पुन: कार्य शुरू कर दिया गया है और तीन से चार महीनों में इसे पूरा कर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को फ्लैट सौंप दिए जाएंगे।

दीपक कुमार विश्वकर्मा, उपयंत्री नगरपालिका टीकमगढ़।

Published on:
08 Feb 2026 08:14 pm