टीकमगढ़

तीन करोड़ की लागत, 4.50 मीटर लंबाई का काम अधूरा, मार्च तक पूरा होने पर संशय

Feb 02, 2026
झिरकी बगिया से चीफ स्टोर तक नाला निर्माण की रफ्तार थमी
झिरकी बगिया से चीफ स्टोर तक नाला निर्माण की रफ्तार थमी

टीकमगढ़. नगर की झिरकी बगिया कॉलोनी से इंद्रपुरी कॉलोनी होते हुए चीफ स्टोर झांसी रोड पुलिया तक बनाए जा रहे नाले का निर्माण कार्य इन दिनों ठप पड़ा हुआ है। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से 4.50 मीटर (लगभग आधा किमी) लंबाई वाले इस नाले का निर्माण डिवाइन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। मार्च माह तक निर्माण कार्य पूर्ण करने की समय सीमा तय है, लेकिन जिस रफ्तार से काम चल रहा है। उसे देखते हुए समय पर पूरा होना मुश्किल नजर आ रहा है।

बताया गया कि नाले का निर्माण कार्य करीब दो महीने पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक महज 100 मीटर के आसपास ही काम हो पाया है। इसके बाद से निर्माण कार्य लगभग रुक गया है। यह नाला शहर का महत्वपूर्ण नाला माना जा रहा है। इससे बारिश के पानी और तालाब के ओवरफ्लो की निकासी होती है। निर्माण की सुस्त रफ्तार और अतिक्रमण की समस्या ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है, बरसात से पहले नाला पूरा न हुआ तो जलभराव की स्थिति गंभीर हो सकती है।

अतिक्रमण बना बड़ी बाधा, टूट सकते है मकान

स्थानीय लोगों का कहना है कि झिरकी बगिया से चीफ स्टोर तक प्रस्तावित नाले की पूरी लंबाई अतिक्रमण की चपेट में है। कई मकानए होटल और खेत मालिकों ने नाले की जमीन पर कब्जा कर रखा है। कुछ स्थानों पर नाले का रास्ता भी मोड़ दिया गया है। जिससे निर्माण में भारी परेशानी आ रही है। अतिक्रमण हटाए बिना नाले का पूरा निर्माण संभव नहीं बताया जा रहा।

8 फीट से 15 फ ीट चौड़ा होगा नालाए लागत बढऩे की संभावना

नगरपालिका अधिकारियों के अनुसार पहले इस नाले को 8 फ ीट चौड़ा बनाया जाना था, लेकिन बारिश के पानी और तालाब के ओवरफ्लो को देखते हुए अब इसे 15 फ ीट चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इससे परियोजना की लागत भी बढक़र तीन करोड़ से लगभग पांच करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है।

गुणवत्ता पर भी उठे सवाल, जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाए है कि डिवाइन कंपनी द्वारा किए जा रहे निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। कंक्रीट दीवारों में लोहे के तार कम लगाए गए है और जाल भी कमजोर दिखाई दे रहा है। जिससे भविष्य में दुर्घटना की आशंका है। लोगों ने निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

झिरकी बगिया से चीफ स्टोर तक नाले के रास्ते में आने वाले सभी अतिक्रमण सर्वे के आधार पर हटाए जाएंगे। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी बनी हुई है। इनकी शिकायतों भी आई है। निर्माणाधीन नाले की जांच कराई जाएगी।

सुषमा व संजय नायक, वार्ड 20 की पार्षद एवं उपाध्यक्ष नगरपालिका टीकमगढ़।

नाले को 8 फ ीट की जगह 15 फ ीट चौड़ा बनाया जाएगा। जिससे लागत में बढ़ोतरी होगी। नाले की कुल लंबाई 4.50 मीटर है और प्रयास रहेगा कि निर्माण कार्य मार्च तक पूरा कराया जाए।

दीपक विश्वकमा, उपयंत्री नगरपालिका टीकमगढ़।

Updated on:
02 Feb 2026 07:58 pm
Published on:
02 Feb 2026 07:58 pm