टॉलीवुड

रेसिंग हादसों के बीच अजीत कुमार ने नई फिल्म ‘Dare Devil’ की अनाउंस, पत्नी शालिनी बनेंगी प्रोड्यूसर

Ajith Kumar New Movie: रेसिंग करियर में व्यस्त अजीत कुमार ने अपनी 64वीं फिल्म 'डेयर डेविल' का ऐलान कर दिया है। फिल्म का निर्देशन आदिक रविचंद्रन करेंगे, जबकि पत्नी शालिनी अजीत कुमार इसके प्रोडक्शन की जिम्मेदारी संभालेंगी।
2 min read
Aug 03, 2026
अजीत कुमार नई फिल्म 'Dare Devil'
अजीत कुमार नई फिल्म 'Dare Devil' (IMDb)

Ajith Kumar Racing: तमिल सुपरस्टार अजीत कुमार ने आखिरकार अपनी 64वीं फिल्म का ऐलान कर दिया है। काफी लंबे समय से रेसिंग करियर में बिजी अजीत अब 'Dare Devil' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। खास बात यह है कि फिल्म का निर्देशन गुड बैड अग्ली के निर्देशक आदिक रविचंद्रन करेंगे, जबकि इसकी निर्माता अजीत की पत्नी शालिनी अजीत कुमार होंगी।

AK 64 का नाम रखा गया 'Dare Devil'

अजीत कुमार के फैंस लंबे समय से उनकी अगली फिल्म का इंतजार कर रहे थे। आज सोमवार को इस इंतजार पर ब्रेक लगाते हुए मेकर्स ने AK 64 का आधिकारिक टाइटल 'डेयर डेविल' घोषित कर दिया। इसके साथ ही, फिल्म का पहला पोस्टर भी जारी किया गया, जिसमें लाल और सफेद रंग की थीम के साथ डाइस पर 'Dare' और 'Devil' लिखा नजर आता है।

फिल्म के डायरेक्टर आदिक रविचंद्रन करेंगे, जिन्होंने इससे पहले अजीत के साथ गुड बैड अग्ली बनाई थी और म्यूजिक की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर को सौंपी गई है, जबकि फिल्म का निर्माण शालिनी अजीत कुमार की कंपनी ब्रेव हार्ट्स प्रोडक्शन के बैनर तले होगा।

पोस्टर पर बंटी फैंस की राय

फिल्म की घोषणा के साथ आदिक रविचंद्रन ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा कि ये फिल्म 34 साल के संघर्ष, जुनून और स्टारडम की नई परिभाषा की कहानी होगी। उन्होंने अजीत कुमार और निर्माता शालिनी का भरोसा जताने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

बता दें, फिल्म के एलान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ फैंस ने इसे अजीत की दमदार वापसी बताते हुए बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ने की उम्मीद जताई। तो वहीं, कई यूजर्स पोस्टर से प्रभावित नहीं दिखे। कुछ ने पोस्टर को साधारण बताया तो कुछ ने फिल्म की टेक्निकल टीम में बड़े बदलाव न होने पर निराशा जाहिर की।

रेसिंग में बिजी हैं अजीत कुमार

अजीत कुमार ने 2024 में अपनी रेसिंग टीम अजीत कुमार रेसिंग की शुरुआत की थी और तब से वो मोटरस्पोर्ट्स पर खास फोकस कर रहे हैं। इस दौरान उनके साथ कई रेसिंग हादसे भी हुए, लेकिन उन्होंने रेसिंग जारी रखी।

दरअसल, 2025 में उनकी दो फिल्में रिलीज हुई थीं। 'विदामुयार्ची' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और दुनियाभर में करीब 135.89 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकी। इसके बाद आई गुड बैड अग्ली को बेहतर प्रतिक्रिया मिली और इसने दुनिया भर में 248.25 करोड़ रुपये की कमाई की।

रेसिंग पर आएगी डॉक्यूमेंट्री

नई फिल्म की घोषणा से पहले फिल्म फाइनेंसर और डिस्ट्रीब्यूटर तिरुप्पुर सुब्रमण्यम ने कहा था कि अजीत कुमार की फीस इतनी अधिक है कि बहुत कम निर्माता उसे वहन कर सकते हैं। उन्होंने ये भी सुझाव दिया था कि एक्टर को प्रॉफिट-शेयरिंग मॉडल पर फिल्में करने पर विचार करना चाहिए। फिल्मों के साथ-साथ अजीत कुमार के रेसिंग सफर पर आधारित 'ग्लेडिएटर्स' नाम की एक डॉक्यूमेंट्री भी आने वाली है। इसका निर्देशन एएल विजय ने किया है, जबकि संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने तैयार किया है।

Updated on:
03 Aug 2026 07:33 pm
Published on:
03 Aug 2026 07:32 pm