
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर से देश में हालात बेकाबू हैं। रोजाना लाखों लोग इस वायरस की चपेट में आ रहे हैं। साथ ही, हजारों लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल रही है। कोविड की दूसरी लहर में आम से लेकर खास हर कोई इसका शिकार हो रहा है। फिल्म स्टार्स भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। लेकिन कई ने कोविड को मात दी। इसमें साउथ फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन का नाम भी शामिल हैं। उन्होंने कोरोना को 15 दिन बाद हरा दिया है। अब वह पूरी तरह स्वस्थ्य हैं।
लॉकडाउन से मिलेगी मदद
अल्लू अर्जुन ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, '15 दिनों के क्वारंटाइन के बाद मेरा टेस्ट नेगेटिव आ गया है। मैं अपने सभी शुभचिंतकों और फैंस का उनकी दुआओं और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। उम्मीद करता हूं कि लॉकडाउन केस कम करने में मदद करेगा। घर पर रहिए और सुरक्षित रहिए। प्यार के लिए सभी का शुक्रिया।'
वायरल हुआ इमोशनल वीडियो
इसके बाद अल्लू अर्जुन ने अपना एक वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियो में वह कोविड नेगिटिव होने के बाद अपने बच्चों से मिलते हैं। 15 दिनों बाद बच्चों से मिलने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि अल्लू अर्जुन क्वारंटाइन से निकलकर अपने बच्चों के कमरे की तरफ़ जाते हैं। पहले उनका बेटा आता है और उनसे लिपट जाता है। दोनों बहुत देर तक एक-दूसरे को गले लगाए होते हैं और फर्श पर लोटपोट हो जाते हैं। उसके बाद अल्लू अर्जुन की बेटी आती है। बेटी अपने पापा को देखते ही खुश हो उठती है। अल्लू अपनी बेटी को प्यार से चूमने लगते हैं और उन्हें गले लगाते हैं। उनका ये प्यार भरा पल अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
बच्चों को बहुत याद किया
इस वीडियो को शेयर करते हुए अल्लू अर्जुन ने लिखा, 'कोरोना निगेटिव और 15 दिन क्वारंटीन में रहने के बाद अपने परिवार से मिल रहा हूं। बच्चों को बहुत याद किया।' अल्लू अर्जुन का ये वीडियो देखकर फैंस भी इमोशनल हो गए। बता दें कि अल्लू अर्जुन 28 अप्रैल को कोरोना संक्रमित हुए थे। जिसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था और अपने संपर्क में सभी लोगों से टेस्ट कराने की अपील की थी।