
Jana Nayagan leak controversy: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री और मशहूर अभिनेता विजय (Vijay) की बतौर एक्टर आखिरी फिल्म 'जन नायकन' (Jana Nayagan) आखिरकार सात महीने के लंबे इंतजार के बाद सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। एच विनोथ के निर्देशन में बनी यह हाई-बजट पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म सेंसर बोर्ड से क्लीयरेंस और लंबी कानूनी लड़ाइयों में फंसी रही थी और इस बीच उस समय हंगामा मच गया जब ये फिल्म इंटरनेट पर ऑनलाइन लीक हो गई थी, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में यह आरोप और कयास लगने लगे थे कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय को जीताने के लिए इसे जानबूझकर लीक कराया गया था। अब लंबे अरसे बाद खुद निर्देशक एच विनोथ ने इन सभी आरोपों का मुंहतोड़ जवाब दिया है।
डायरेक्टर एच विनोथ ने मंगलवार को चेन्नई में आयोजित अंतिम प्रमोशनल इवेंट के दौरान मीडिया से बात की। जब उनसे फिल्म लीक से जुड़े विवादित सवाल पूछे गए तो उन्होंने इन आरोपों पर नाराजगी जाहिर करते हुए बड़ी बात कही। उन्होंने कहा, "400 करोड़ रुपये के बजट में बनी इतनी बड़ी फिल्म को कोई जानबूझकर लीक नहीं करेगा। अगर ऐसी कोई साजिश होती, तो जांच एजेंसियां कुछ ही घंटों या दिनों में इसका पर्दाफाश कर देतीं। जब यह फिल्म लीक हुई थी, तब विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री नहीं थे और न ही उनके पास कोई प्रशासनिक शक्ति थी। ये आरोप सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए लगाए जा रहे हैं।"
विनोथ से आग जब पूछा गया कि विजय ने अपने फैंस से पायरेटेड वर्जन न देखने की अपील क्यों नहीं की थी? तो उन्होंने साफ किया कि विजय का इसमें बयान न देना एक समझदारी भरा कदम था। अगर वह अपील करते, तो आलोचक इसे देश के अन्य बड़े मुद्दों से जोड़कर विवाद खड़ा कर देते। यह पूरी तरह से एक कानूनी मामला था, जिसे पुलिस ने प्रोड्यूसर की शिकायत पर हैंडल किया।
फिल्म जन नायकन जनवरी 2026 में रिलीज के लिए तैयार थी, लेकिन बार-बार इसकी डेट बदली जा रही थी पर अब विजय थलपति की फिल्म जुलाई में थिएटर्स में आ रही है। एच विनोथ ने स्वीकार किया कि 6 महीने की यह देरी काफी दर्दनाक थी। उन्होंने कहा, "अब हमें राहत महसूस हो रही है, मानो एक बड़ी परेशानी का अंत हो गया है। हमें पूरा भरोसा है कि जनता से हमें इंसाफ मिलेगा।"
'जन नायकन' विजय के एक्टिंग करियर की आखिरी फिल्म है। राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने के बाद अब वह पूरी तरह से अपने राजनीतिक सफर और प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। यह फिल्म तेलुगु हिट 'भगवंत केसरी' से प्रेरित है, लेकिन विनोथ का दावा है कि इसमें 50% से ज्यादा नई कहानी और कंटेंट जोड़ा गया है।
बता दें, ये फिल्म जनवरी में CBFC सर्टिफिकेशन न मिलने के कारण फिल्म टल गई थी, जिसके बाद विजय की पार्टी TVK ने चुनाव जीता और उन्होंने CM पद की शपथ ली। इस फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और नारायण मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।