
बाहुबली से प्रभास को बॉलीवुड का सुपरस्टार बना दिया है। इसमें कोई दोराय नहीं कि प्रभास पहले ऐसे एक्टर हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में बिना कदम रखे हिंदी दर्शकों के चहेते स्टार बन गए है। उनकी हर खबर पर उनके फैंस की नजर रहती है। बता दें कि 'बाहुबली' में जिस तरह अमरेंद्र बाहुबली अपनी प्रजा से प्यार करता था, ठीक उसी तरह रियल लाइफ में प्रभास अपने फैन्स के साथ स्पेशल रिश्ता शेयर करते हैं। 23 अक्टूबर को प्रभास का 38वां जन्मदिन है। इससे पहले की उनके फैन्स उनके लिए कुछ सरप्राइज बर्थडे की प्लानिंग करें, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो खुद प्रभास ने अपने फैन्स और ऑडियंस के लिए स्पेशल सरप्राइज रिटर्न गिफ्ट की तैयारी कर रखी है।
जी हां, हम आपको बताना चाहते हैं कि इस खास सरप्राइज का खुलासा प्रभास सोशल मीडिया पर करेंगे। चर्चा है कि प्रभास अपने फैन्स को सरप्राइज देने के लिए अपने जन्मदिन के मौके पर अपनी आने वाली फिल्म 'साहो' का फस्र्ट लुक जारी कर सकते हैं। साहो, भविष्य को दर्शाने वाली अडवेंचर फैंटसी फिल्म है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर तेलुगु फिल्मों में डेब्यू करने जा रही हैं। श्रद्धा काफी समय से हैदराबाद के अलावा कई फॉरन लोकेशन्स पर भी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। साहो, द्विभाषीय फिल्म है, जो तेलुगु के अलावा हिंदी में भी रिलीज होगी।
खबरों की मानें, तो अपने जन्मदिन के मौके पर फैन्स से बात करने के लिए प्रभास फेसबुक लाइव भी कर सकते हैं। अब तक प्रभास ने सिर्फ फेसबुक पर ही अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। हालांकि सभी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर प्रभास के ढेरों फैन पेज मौजूद हैं। कहा जा रहा है कि साहो, एक्शन ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म का प्रोमो 'बाहुबली 2' के साथ इसी साल रिलीज हुआ था। इसके अलावा प्रभास अपनी शादी को लेकर भी सुर्खियों में हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि जन्मदिन के मौके पर प्रभास सगाई कर सकते हैं।