Rajinikanth: 72 साल की उम्र में रजनीकांत के लिए जो क्रेज उनके फैंस में है, वो शायद ही सिनेमा के इतिहास में किसी को कभी नसीब हो।
Rajinikanth: दक्षिण भारत के दो सबेस बड़े और व्यस्त शहरों चेन्नई और बेंगलुरू के ज्यादातर दफ्तरों में आज यानी 10 अगस्त को छुट्टी है। ये छुट्टी इसलिए है क्योंकि आज थलाइवा की फिल्म 'जेलर' रिलीज हो रही है। दक्षिण भारत में लोग फिल्म स्टार रजनीकांत को 'थलाइवा' कहते हैं, जिसका मतलब है बॉस या लीडर। 72 साल के रजनीकांत के लिए दीवानगी का आलम ये है कि उनकी फिल्म के दुनियाभर में 30 करोड़ से ज्यादा के टिकट एडवांस में बिक गए हैं। रजनीकांत को फिल्मों में करीब 5 दशक हो गए हैं और आज उनका नाम किसी फिल्म को हिट करा देने के लिए काफी माना जाता है। हालांकि उनकी जिंदगी के शुरुआती दिन बहुत अच्छे नहीं थे। उन्होंने बचपन में गुजारे के लिए कुली से लेकर कंडक्टर तक का काम किया।
5 साल की उम्र में गुजर गई मां
12 दिसंबर 1950 को बेंगलुरु में जन्में रजनीकांत को माता-पिता ने नाम दिया था- शिवाजी राव गायकवाड़। शिवाजी 5 साल के थे तभी उनकी मां का निधन हो गया। घर में खाने तक के लाले हो गए। बहुत कम उम्र में शिवाजी ने काम करना शुरू कर दिया। पहले कुली का काम किया, फिर बस में कंडक्टर हो गए।
दोस्त ने दी एक्टर बनने की सलाह
शिवाजी राव के भीतर छुपे एक्टर को पहचाना उनके दोस्त राज बहादुर ने। राज ने ही जोर देकर उनका दाखिला मद्रास फिल्म इंस्टिट्यूट में करा दिया। यहां से निकलने के बाद उन्होंने काम की तलाश शुरू की। उन्हें 1975 में तमिल फिल्म 'अपूर्वा रागनगाल' मिल गई। इसके साथ ही शिवाजी राव गायकवाड़ को नया नाम मिला- रजनीकांत। इसके बाद उनको धीरे-धीरे काम मिलना शुरू हुआ और अपने स्टाइल से जल्दी ही वो सिनेमा के पर्दे पर छा गए।
रजनीकांत ने फिल्म अंधा कानून से हिन्दी फिल्मों में एंट्री की। फिल्म में उनके साथ अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी और रीना रॉय थे। रजनीकांत ने हिन्दी, तमिल, मलयालम, कन्नड़, तेलुगू,बांग्ला और अंग्रेजी फिल्म में भी काम किया है। रजनीकांत इस समय सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेताओं में शामिल हैं।