
नई दिल्ली | साउथ और बॉलीवुड के सुपरस्टार रजनीकांत ने शनिवार को एक्टर विवेक के अचानक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट करके विवेक के साथ पुराने वक्त को याद किया। रजनीकांत ने विवेक के साथ साल 2007 में आई फिल्म शिवाजी में काम किया था। फिल्म में विवेक के रोल को खूब पसंद किया गया था। विवेक का निधन हार्ट अटैक के चलते हुए। हालांकि उन्होंने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज भी लगवा ली थी।
विवेक को यादकर दुखी हुए रजनीकांत
रजनीकांत ने अपने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा- सोशल एक्टिविस्ट और मेरे क्लोज फ्रेंड विवेक के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। शिवाजी के दौरान उनके साथ बिताया हुआ वक्त मैं कभी नहीं भूल सकता हूं। उनके परिवार के साथ मेरी सांत्वना हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। गौरतलब हो कि रजनीकांत की बेटी सौंदर्या रजनीकांत की शादी में भी विवेक पहुंचे थे। हाल ही में उन्होंने रजनीकांत को दादासाहेब फॉल्के अवॉर्ड मिलने पर शुभकामनाएं भी दी थीं। रजनीकांत और विवेक एक दूसरे के साथ गहरा बॉन्ड शेयर करते थे। ऐसे में एक्टर के निधन से रजनीकांत को गहरा सदमा लगा है।
चेन्नई के अस्पताल में किया गया था भर्ती
बता दें कि तमिल एक्टर विवेक को शुक्रवार यानी 16 अप्रैल को कार्डियक अरेस्ट आने के बाद चेन्नई के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। ट्रीटमेंट के दौरान उन्हें ICU में डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया था। लेकिन फिर भी वो जिंदगी से जंग हार गए और 17 अप्रैल को दुनिया को अलविदा कह दिया। विवेक की उम्र 59 साल थी। तमिल सिनेमा में अपने बेहतरीन काम के लिए विवेक को जाना जाता था।
कई फिल्मों में विवेक को कॉमेडी करते भी देखा गया। उन्होंने रजनीकांत, कमल हासन से लेकर विजय और माधवन जैसे एक्टर्स के साथ संग काम किया था। शिवाजी द बॉस और रन में उनके काम को खूब सराहा गया था। विवेक को पद्मश्री अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका था।