टॉलीवुड

कौन हैं अपेक्षा पोरवाल? साउथ मेगास्टार रजनीकांत की ‘जेलर 2’ के ट्रेलर में आईं नजर, कथक डांस की ले चुकीं ट्रेनिंग

Apeksha Porwal Jailer 2: तमिल सुपरस्टार की फिल्म 'जेलर 2' के ट्रेलर में नजर आईं अपेक्षा पोरवाल आखिर कौन हैं, इससे पहले वो कहां नजर आई थीं। चलिए इस खबर के जरिए आपको बताते हैं।
2 min read
• •
Oct 06, 2026
Apeksha Porwal Jailer 2
Apeksha Porwal Jailer 2 (अपेक्षा पोरवाल) फोटो सोर्स- IMDb)

Apeksha Porwal Jailer 2: सुपरस्टार रजनीकांत की मच अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। ट्रेलर में कई नए चेहरे नजर आए हैं, लेकिन एक अभिनेत्री ने अपने छोटे से एक्शन सीक्वेंस से दर्शकों का खास ध्यान खींचा है। ये अभिनेत्री हैं अपेक्षा पोरवाल। ट्रेलर में उनका अंदाज काफी दमदार नजर आया है और उनके एक्शन मूव्स देखने के बाद फैंस उनके बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं।


अपेक्षा पोरवाल का पोस्ट


‘जेलर 2’ में एक्शन करती दिखीं अपेक्षा

‘जेलर 2’ के ट्रेलर में अपेक्षा पोरवाल एक छोटे लेकिन इंटेंस एक्शन सीक्वेंस में नजर आती हैं। उनकी कॉन्फिडेंट स्क्रीन प्रेजेंस और कॉम्बैट मूव्स ने दर्शकों का ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर फैंस उनके बारे में सवाल करते हुए दिखाई दिए। अपेक्षा को मार्शल आर्ट्स की भी ट्रेनिंग हासिल है। उन्होंने किकबॉक्सिंग और ननचक्स जैसी विधाओं में प्रशिक्षण लिया है, जिसका फायदा उनके एक्शन सीन में साफ नजर आता है।

कौन हैं अपेक्षा पोरवाल?

अपेक्षा पोरवाल का जन्म और पालन-पोषण मुंबई में हुआ है। वो एक अभिनेत्री होने के साथ-साथ पेजेंट विनर और प्रशिक्षित परफॉर्मर भी हैं। उन्होंने 2009 में मिस टीन इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीता था। इसके बाद साल 2015 में मिस इंडिया दिल्ली का ताज अपने नाम किया। साल 2017 में उन्होंने मिस दिवा प्रतियोगिता में सेकेंड रनर-अप का स्थान हासिल किया।

अपेक्षा को कथक का भी प्रशिक्षण मिला हुआ है। इसके अलावा वह हिंदी, अंग्रेजी और मराठी भाषाओं में भी दक्ष हैं। उनके करियर में एक्टिंग के साथ थिएटर और पेजेंट्री का अनुभव भी शामिल है।

थिएटर से शुरू हुआ एक्टिंग का सफर

फिल्मों और वेब सीरीज में आने से पहले अपेक्षा ने थिएटर में काम किया। उन्होंने ‘डीरेंज्ड मैरिज’ और लुइजी पिरांडेलो के चर्चित नाटक ‘सिक्स कैरेक्टर्स इन सर्च ऑफ एन ऑथर’ के रूपांतरण में अभिनय किया है। एक्टिंग को और बेहतर बनाने के लिए उन्होंने मुंबई के Jeff Goldberg Studio से मेथड एक्टिंग की नौ महीने की डिप्लोमा ट्रेनिंग भी ली। इसके अलावा उन्होंने नीरज काबी और अतुल मोंगिया जैसे एक्टिंग प्रशिक्षकों से भी सीखा।

अपेक्षा ने साल 2020 में अश्विन आर. शुक्ला की वेब सीरीज 'अनदेखी' से एक्टिंग डेब्यू किया था। इसके बाद वह आनंद तिवारी की वेब सीरीज 'इम्पफेक्ट' में भी नजर आईं।

अब ‘जेलर 2’ में उनका एक्शन अवतार दर्शकों के बीच चर्चा में है। फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है और फिल्म में अपेक्षा का किरदार कितना अहम है, यह रिलीज के बाद ही पता चलेगा।

Updated on:
06 Oct 2026 02:29 pm
Published on:
06 Oct 2026 02:29 pm