टोंक

video:राजस्थान पुलिस ने खोली एक करोड़ 31 लाख की ठगी की बड़ी वारदात, सवा 23 लाख बरामद कर बैंकों में जमा 11 लाख रूपयों को कराया सीज

पुलिस को ऐसे एक और राष्ट्रीय स्तर के ठग गिरोह का पता चला है। इस गिरोह का जल्द ही पकड़ा जाएगा।  
2 min read
Aug 03, 2018
On-line thug gang
टोंक में ठग गिरोह से बरामद की राशि के साथ पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधिकारी।

टोंक. इंश्योरेंस की राशि दो गुना दिलाने का झांसा देकर टोडारायसिंह के गोलेड़ा निवासी बालूराम शर्मा से ऑन लाइन एक करोड़ 31 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरफ्तार गिरोह से पुलिस ने 23 लाख 30 हजार रुपए बरामद किए हैं।

वहीं आरोपियों के 11 लाख 15 हजार रुपए बैंक खातों में सीज कराए गए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से कई फर्जी दस्तावेज, मोहरें आदि भी बरामद किए गए हैं। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को ऐसे एक ओर गिरोह का पता लगा है, जिन्हें भी जल्द पकड़ा जाएगा। पुलिस ने रिमाण्ड अवधि समाप्त होने पर गुरुवार को गिरोह के गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक योगेश दाधीच ने बताया कि ऑन लान ठगी करने का मामला टोडारायसिंह के गोलड़ा निवासी बालूराम शर्मा ने गत 15 जून को टोडारायसिंह थाने में दर्ज कराया गया था। इसके बाद ये मामला सदर थाना स्थित साइबर सैल में भेजा गया।

मामले की गम्भीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम बनाई थी। टीम ने गत 24 जुलाई को महावीर एन्कलेव पालम दिल्ली निवासी विकास कपूर उर्फ विशाल गोयल उर्फ सुहेल आलम पुत्र सुरेन्द्र कपूर पंजाबी, न्यू सीमापुरी दिल्ली निवासी सागर पुत्र खामोशलाल यादव, नंदनगरी दिल्ली निवासी अतुल कुमार पुत्र महेन्द्रचंद कश्यप, खोड़ा कॉलोनी नोएडा निवासी जिवेशकुमार झा, पुत्र गोपीकांत झा, नंद नगरी दिल्ली निवासी ललित कुमार पुत्र जगदीश कुमार ठाकुर तथा फलाउदा तहसील मवाना जिला मेरठ उत्तर प्रदेश हाल मकनपुरा गाजियाबाद, निवासी अमित पुत्र हरशरण सिंह जाटव को दिल्ली से गिरफ्तार किया था।

पुलिस गिरोह से पूछताछ के बाद 23 लाख 30 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए तथा 11 लाख 15 हजार रुपए बैंक खातों में सीज करा दिए।

इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले दस्तावेज, फर्जी आधार कार्ड, फर्जी वोटर आईडी, फर्जी पैन कार्ड, फर्जी बैंक खातों की चेक बुक, पास बुक, रबर की मोहरें तथा मोबाइल फोन बरामद किया है।


देशभर के खुलेंगे मामले
पुलिस अधीक्षक योगेश दाधीच ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने फिलहाल प्रदेश के टोंक में ही वारदात करना स्वीकार किया है, लेकिन पुलिस को ऐसे एक और राष्ट्रीय स्तर के ठग गिरोह का पता चला है। इस गिरोह का जल्द ही पकड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि दूसरे इस गिरोह से देशभर में हुई ऑन लाइन ठगी का खुलासा हो सकता है।

Published on:
03 Aug 2018 08:00 am