
देवली. शहर में पटवा बाजार स्थित आभूषण की दुकान में रविवार देर रात किन्हीं कारणों से आग लग गई। इससे दुकान में रखे सोने, चांदी के आभूषण समेत लाखों का माल जलकर राख हो गए। हादसे का पता पड़ोसियों को दुकान में आग की लपटे दिखाई देने पर लगा। सूचना पर पहुंची दमकल ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ये दुकान पटवा बाजार स्थित जमनालाल मदनलाल सर्राफ की है।
दुकान मालिक नरेन्द्र सोनी ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह रविवार रात 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए। जहां देर रात दुकान में आग लग गई। करीब डेढ़ बजे दुकान से धुआं व आग की लपटें देखकर पड़ोसियों ने दुकान मालिक को फोन किया। जहां परिजन मौके पर पहुंचे।
पहले दमकल व पुलिस ने पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इस दौरान लोहे के सरिए डालकर जैसे-तैसे दुकान के शटर ऊंचे किए गए। इस दौरान दुकान में बिजली के तार जलने से करंट प्रवाहित हो रहा था। इससे आग बुझाने में थोड़ी देर परेशानी आई, लेकिन विद्युत वितरण निगम को सूचित कर बिजली बंद कराई गई।
इस दौरान समूचे शहर की बिजली बंद रही। यहां पुलिस, परिजनों व दमकल के सहयोग से आग पर काबू पाया, लेकिन आग बुझती, इससे पहले दुकान में रखा माल जलकर राख हो गया। हादसे में दुकान में रखे सोने,चांदी के आभूषण, फर्नीचर, काउन्टर, पंखे, इलेक्ट्रिोनिक कांटे, दुकान का रिकॉर्ड आदि सामान जलकर राख हो गए। दुकान मालिक ने अंदेशा जताया कि आग बिजली के शार्ट सर्किट की वजह से लगी है। इधर, परिजन पुरुषोत्तम सोनी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसे लोगों ने दिलासा दी।
सब कुछ हुआ नष्ट
दुकान मालिक नरेन्द्र व परिजन नितिन सोनी ने बताया कि आखातीज के चलते दुकान में करीब आधा दर्जन से अधिक शादी वाले परिवारों के आभूषण बनाने का ऑर्डर था। उनके आभूषण को एकाध दिन में ग्राहकों को सौंपना था। उन्होंने बताया कि करीब 8 से 10 ग्राहकों के ऑर्डर के आभूषण भी आग की भेंट चढ़ गए। वहीं दुकान का समूचा रिकॉर्ड, बही-खाता व दस्तावेज खाक हो गए। आग से दुकान की छत की पट्टियां भी टूट गई। वहीं दुकान के बाहर लगे छाया करने का तिरपाल भी जल गया।
खुशी का माहौल गम में बदला
परिजनों ने बताया कि दुकान मालिक के चचेरे भाई की दो-तीन बाद ही शादी है। इसकी घर में तैयारियों चल रही है। ऐसे में हुए अग्निकाण्ड ने परिवार की खुशी गम में बदल गई। उक्त हादसे से परिवार को लोग स्तब्ध रह गए।