टोंक

video: बीसलपुर बांध में मछली का शिकार रोकने गए गश्ती दल की जीप को घेरकर शिकारियों ने बोला हमला

घटना के बाद गश्ती दल के सदस्य जैसे-तैसे जान बचाकर भागे। आरोपितों ने कर्मचारियों को आगे से क्षेत्र में नहीं आने की चेतावनी भी दी।  
3 min read
• •
Updated: 23 Apr 2018, 7:59 AM IST
 गश्ती दल पर हमला
देवली. बीसलपुर बांध की अपस्ट्रीम में मछली का शिकार रोकने गए गश्ती दल पर शिकारियों ने घेरकर हमला कर दिया। इसमें मत्स्य कर्मचारियों के चोटें आई हैं।

देवली. बीसलपुर बांध की अपस्ट्रीम में मछली का शिकार रोकने गए गश्ती दल पर शिकारियों ने घेरकर हमला कर दिया। इसमें मत्स्य कर्मचारियों के चोटें आई हैं। घटना से विभागीय कर्मचारी सदमे में है। हालांकि ये घटना गत 20 अप्रेल की है, लेकिन अधिकारियों ने डर की वजह से रविवार शाम देवली थाने में आकर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।

थाना प्रभारी दूलीचंद गुर्जर ने बताया कि मामले में राकेश दवे मत्स्य विकास अधिकारी टोंक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि वे गत 20 अप्रेल को मत्स्य पालक नाथूलाल मीणा, राधेश्याम, शम्भूलाल, भीमराज, मत्स्य क्षेत्रीय (जयपुर) गोपाललाल मीणा व नाविक थान सिंह के साथ गश्त करने को लेकर बीसलपुर बांध के लैडिंग सेन्टर से रवाना हुए।

उनका दल नेगडिय़ा होते हुए नासिरदा पहुंचा। जहां दल को बंधेडिय़ा के समीप अवैध मत्स्य आखेट किए जाने की सूचना मिली। इस पर गश्ती दल बंधेडिय़ा के लिए रवाना हुआ। गश्ती दल देखकर अवैध मत्स्य आखेट कर रहे शिकारी भागने लगे तथा परस्पर फोन से सूचना देने लगे।

इस दौरान विभाग का गश्ती दल भी सरकारी जीप लेकर मौके पहुंचा। जहां शिकारियों का पीछा करते हुआ गश्ती दल थांवला मार्ग पर शराब के ठेके के समीप पहुंच गया। इस बीच नासिरदा की ओर से आई जीप में करीब आधा दर्जन लोग सवार होकर आए। उन्होंने गश्ती दल से गाली-गलौच शुरू कर दी।

यहां आए लोगों ने गश्ती दल की जीप को घेरकर चारों ओर से लाठियां व फरसे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में गश्ती दल के सभी सदस्य घबरा गए तथा उनमें अफरा-तफरी मच गई। हमले में सरकारी जीप के बोनट पर निशान हो गए। वहीं हमले में गोपाल मीणा, भीमराज व बोट चालक थान सिंह के चोटें आई हैं। घटना के बाद गश्ती दल के सदस्य जैसे-तैसे जान बचाकर भागे।

इधर, पुलिस ने चोटिल हुए कर्मचारियों को मेडिकल मुआयना कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी दूलीचंद गुर्जर मत्स्य कर्मचारियों के साथ मौके लिए रवाना हो गए। जहां उन्होंने पहुंचकर घटनास्थल की जानकारी ली। वहीं आसपास के लोगों से संदिग्धों के बारे में पड़ताल की।

वापस नहीं आने की दी चेतावनी
पुलिसकर्मियों ने बताया कि मत्स्य विभाग का गश्ती दल शिकारियों का पीछा करते हुए थांवला मार्ग पर पहुंचा। इस दौरान जीप में सवार होकर आए आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उनकी जीप पर ताबड़तोड़ लाठियों व हथियारों से हमला कर दिया।

गश्ती दल कर्मचारी सम्भलते इससे पहले आरोपितों ने उन पर धावा बोल दिया। इससे उन्हें भागने का मौका तक नहीं मिला। आरोपितों ने तौलिए से मुहं ढककर अपनी पहचान छुपाते हुए कर्मचारियों को ने आगे से क्षेत्र में नहीं आने की चेतावनी दी। इससे कर्मचारी भयभीत हो गए और पहले मामला दर्ज नहीं कराया, लेकिन बाद में वे इस पर सहमत हो गए।

पुलिस पर भी हुआ था हमला
उल्लेखनीय है कि अप्रेल के पहले सप्ताह में सावर थाने से देवली के रामथला गांव में बजरी माफियाओं का पीछा करते पहुंचे पुलिस दल से भी बजरी माफियाओं ने मारपीट की थी। हालांकि सावर पुलिस अपने थाना क्षेत्र अधीन बाजटा गांव में खनन पर कार्रवाई करने आई थी, लेकिन बजरी से भरे ट्रैक्टरों का पीछा करते पुलिस रामथला में आ गई, जो कि देवली थाना क्षेत्र के अधीन आता है।

इसका फायदा उठाते हुए ग्रामीणों व बजरी खनन से जुड़े लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर बदसलूकी की तथा मारपीट की। इससे पहले हनुमाननगर थाना क्षेत्र में भी मामले की जांच करने गए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट हुई थी।

कार को मारी थी टक्कर
टोंक. बनास नदी में अवैध रूप से किए जा रहे बजरी खनन पर कार्रवाई करने गए खनिज विभाग के सहायक अभियंता अमीचंद दुहारिया की कार के खनन माफियाओं ने अपनी कार से टक्कर मार दी। इससे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि हादसे में सहायक अभियंता समेत अन्य कर्मचारी बच गए।

खनन माफियाओं ने ये टक्कर गत दो फरवरी की रात को निवाई के समीप हाइवे पर टक्कर मारी थी। सहायक अभियंता अन्य कर्मचारियों के साथ बजरी से भरे ट्रकों को पकड़ रहे थे। मामले में 6 जनों को गिरफ्तार किया था।

Published on: