टोंक

शुभ मुहूर्त में घट स्थापना- देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़

चैत्र नवरात्र शुरू होते ही मंदिरों में घंटे-घडियालों की गूंज के साथ कई प्रकार के अनुष्ठान शुरू हो गए।
2 min read
Apr 07, 2019
Establishment of auspicious time
टोंक कंकाली माता मंदिर में आरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालू एवं माता की प्रतिमा ।

टोंक. जिलेभर में शनिवार से चैत्र नवरात्र शुरू होते ही मंदिरों में घंटे-घडियालों की गूंज के साथ कई प्रकार के अनुष्ठान शुरू हो गए। मंत्रोचारण के साथ घट स्थापना की गई ।

इसके बाद रामचरित मानस के नवाह्न पारायण आदि के आयोजन शुरू किए गए। सुबह श्रद्धालु मंदिरों में माता के दर्शन के लिए पहुंचने शुरू हो गए।

शहर के कंकाली माता, आरएसी, बनास नदी स्थित वैष्णो माता मंदिर, काफला बाजार स्थित नला वाली माता मंदिर, पुलिस लाइन माता मंदिर, पुरानी टोंक गढ़ स्थित बाराही माता सहित अन्य कई मंदिरों में देवी के भजनों के स्वर सुनाई देने लगे।

इसी प्रकार आतंरियां के बालाजी, दूधिया बालाजी, मंदिरों, डिपो के बालाजी, बड़ के बालाजी, अरनिया माल व अरनिया नील स्थित बालाजी के मंदिरों में रामायण की चौपाइयां गंूजने लगी। इसके साथ ही घरों में भी धार्मिक अनुष्ठान किए गए। लोगों ने शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की।


नवरात्रा पर शक्तिपीठों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
देवली. चैत्र नवरात्रा के पहले दिन शनिवार को क्षेत्र के शक्तिपीठों पर श्रद्धालु उमड़ गए। वहीं श्रद्धालुओं ने जप-अनुष्ठान शुरू किए। सुबह मुहुर्त के अनुसार घरों व मन्दिरों में घट स्थापना हुई।

सुबह 5 बजे से ही चांदली में हिंगलाज माता मन्दिर, कुंचलवाड़ा में बीजासण माता मन्दिर, राजमहल में वनमाता मन्दिर, शहर में गायत्री माता मन्दिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

बावड़ी बालाजी, पंचमुखी बालाजी, नेकचाल बालाजी, गंगागुरिया हनुमान मन्दिरों में रामायण की चौपाइयां गंूज उठी। हिंगलाज व बीजासण माता मन्दिरों में पैदल जाने वाले श्रद्धालु अधिक रहे।

घरों में कन्याओं को देवी मानकर की पूजा की, नौ दिवसीय अनुष्ठान शुरू हुए व श्रद्धालुओं ने व्रत, उपवास रखे। लोग अपने गांव कुल के देवी-देवताओं, भैरुजी व बालाजी मन्दिरों में धोक लगाने गए।


मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों की धूम
टोडारायसिंह. चैत्र नवरात्र को लेकर शनिवार को कस्बे समेत ग्रामीण क्षेत्र स्थित देवी मंदिर व हनुमान देवालयों में घट स्थापना के साथ धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए।

कार्यक्रम के तहत कस्बे स्थित शाहपुरा बालाजी, लाडपुरा बालाजी, खिडक़ी का बालाजी, चतरी पोळ बालाजी, ब्रह्म अखाड़ा बालाजी, भूड़ा बालाजी, भोपत बालाजी, कांकरा बालाजी समेत अन्य हनुमान देवालयों में घट स्थापना के साथ रामायण पाठ तथा बावड़ी स्थित मां जलदेवी, मोर स्थित चावण्ड माता मंदिर, ब्राह्य माता मंदिर में विद्वजनों की ओर से धार्मिक अनुष्ठान शुरू किए गए। इधर, प्रथम नवरात्र पर मां जलदेवी व चावण्ड माता मंदिर में माता के दर्शनार्थ सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

Published on:
07 Apr 2019 11:30 am