टोंक

टोंक: बरसाती नाले में बहे बाइक सवार, एक युवक की गई जान, दूसरे ने पेड़ पकड़कर बचाई जान

दूनी तहसील क्षेत्र के दूनी-घाड़ मार्ग स्थित चांदसिंहपुरा गांव में घाड़ जा रहे चालक व सवार दो जने बाइक समेत बरसाती नाले में बह गए।
2 min read
• •
Updated: 20 Jul 2025, 11:23 AM IST
accident-in-tonk
चांदसिंहपुरा में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़। फोटो: पत्रिका

टोंक। दूनी तहसील क्षेत्र के दूनी-घाड़ मार्ग स्थित चांदसिंहपुरा गांव में घाड़ जा रहे चालक व सवार दो जने बाइक समेत बरसाती नाले में बह गए। हालांकि बाइक चालक ने बबूल के पेड़ पर लटक जान बचाई, इस दौरान वह घायल हो गया। जबकि नाले में बहे बाइक सवार का शव एसडीआरएफ एवं सिविल डिफेंस टीम की मदद से बारह घंटे बाद शनिवार सुबह मिला। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।

थानाप्रभारी हेमंत जनागल ने बताया कि मृतक घाड़ निवासी मृतक किशनलाल (42) पुत्र जगदीश जांगिड़ है। वहीं घायल भगवान (45) पुत्र छीतरलाल जांगिड़ है। उन्होंने बताया कि दोनों बाइक पर सवार होकर दूनी से घाड़ जा रहे थे। इसी दौरान चांदसिंहपुरा गांव के पास बारिश के बाद तेज गति से आ रहे बरसाती नाले को पार करते समय वह बाइक समेत बह गए।

बरसाती नाले में बहे बाइक सवार की तलाश करती एसडीआरएफ टीम। फोटो: पत्रिका

खेत में कूदकर बचाई जान

चालक ने तो कुछ दूर बहने के बाद बबूल पेड़ को पकड़ उस पर लटक दूसरी ओर खेत में कूद जान बचा ली। जबकि दूसरास रात के अंधेरे में बरसाती नाले में आ रहे पानी में बह गया।

पुलिया पर पानी बहा, वाहन फंसे

तेज बारिश से सोप उपतहसील क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए। लगातार बारिश से इन्द्रगढ़-उनियारा स्टेट हाईवे-29 पर पाडल्या चारण गांव के पास बनी पुलिया पर 6 फीट तक पानी बहने लगा। पुलिया की ऊंचाई महज 4 से 5 फीट होने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। शुक्रवार रात 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक 12 घंटे तक यह मार्ग बंद रहा। दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतारें लग गई। वाहन चालक और यात्री रातभर फंसे रहे। कई लोग जान जोखिम में डालकर पुलिया पार करते दिखे।बांसला गांव की ओर जाने वाला बांध शुक्रवार रात 8 बजे ओवरलो हो गया।

Updated on:
20 Jul 2025, 11:23 AM IST
Published on: