टोंक

आग लगने से 10 ट्रॉली कड़बी व 2 बीघा खेत में सरसों जली

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Mar 14, 2019
burning-kebbi-and-mustard-water-to-the-farm-due-to-fire
आग लगने से 10 ट्रॉली कड़बी व 2 बीघा खेत में सरसों जली

नगरफोर्ट. क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामसागर मुख्यालय के गांव जालिम गंज में आग लगने से एक खेत में रखी 10 ट्रॉली कड़बी जलकर राख हो गई। जालिम गंज निवासी रमेश बैरवा पुत्र किशन लाल के खेत में 10 ट्रॉली कड़बी रखी हुई थी, जिसमें अज्ञात कारणों से मंगलवार देर शाम आग लग गई।

आस-पास के खेतों में काम कर रहे मजदूरों को आग का पता लगने पर बुझाने दौड़े, लेकिन हवा तेज होने से पास के कुएं-ट्यूबवैलों से आग बुझाने के प्रयास भी असफल हुए। सूचना पर पहुंचे हैड कांस्टेबल बहादुर सिंह टोंक से दमकल बुलाई, जो एक घंटे बाद पहुंची, तब तक कड़बी जल चुकी थी।

पीडि़त रमेश बैरवा ने बताया कि आग लगने से पास के खेत में रखी दो बीघा की सरसों भी जलकर राख हो गई। पीडि़त ने अज्ञात कारणों से कड़बी एवं फसल में आग लगने को मामला दर्ज करवाया है। पीडि़त ने राज्य सरकार व फ सल बीमा कंपनी से सहायता की मांग की है।

चोरी के आरोपितों को जेल भेजा
बंथली. डाटून्दा गांव में गत दिनों मकान से गेहूं चोरी के आरोप में गिरफ्तार युवकों को तीन दिन के पुलिस रिमाण्ड के बाद मंगलवार को को दूनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।

थाना हैड कांस्टेबल रामबाबू पारीक ने बताया कि आरोपित छोटी पड़ाव थाना नैनवां निवासी मुकेश धाकड़ व बड़ी पड़ाव थाना नैनवां निवासी दिनेश गोस्वामी हैं। उन्होंने बताया कि गत दिनों बाइक सवार आरोपित युवक डाटून्दा स्थित एक मकान से गेहूं के कट्टे चुरा दूनी के आवां मार्ग स्थित दुकान पर बेच रहे थे।

शक होने पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ धुनाई कर दूनी पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद डाटून्दा निवासी प्रकाश मीणा ने थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने 07 मार्च को नगरफोर्ट के मुख्य बाजार से बाइक चुराई थी, जो बाबूलाल माली की निकली।

Updated on:
14 Mar 2019 01:53 pm
Published on:
14 Mar 2019 01:53 pm