
मदन दिलावर (फाइल फोटो: पत्रिका)
टोंक। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि जो सरकारी शिक्षक अपने बच्चों को निजी स्कूल में पढ़ाते हैं वे निकम्मापन कर रहे हैं। वे मुफ्त का वेतन ले रहे हैं। यदि उन्हें इस श्रेणी में नहीं आना है तो वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में डाल दें। मंत्री मदन दिलावर टोंक में खटीक समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी ग्रेड थर्ड के टीचरों के ट्रांसफर नहीं हो रहे हैं।
दिलावर ने कहा कि शिक्षा में सुधार के लिए मैंने गालियां तो खाई हैं, लेकिन सुधार किया है। अब केवल शत-प्रतिशत परिणाम दिखाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि 80 अंकों की परीक्षा में विद्यार्थियों को कम से कम 40 अंक लाने होंगे। यदि परिणाम खराब रहा तो संबंधित शिक्षक से जवाब-तलब किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर निलंबन या तबादले करेंगे। दिलावर ने कहा कि गुटखा खाने और शराब पीने वाले शिक्षकों की सूची बना रहे है।
मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण और मानवीय मूल्यों से युक्त शिक्षा देने के लिए राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में कई बड़े बदलाव किए हैं। इन निर्णयों को लेकर आलोचना और गालियां भी सुननी पड़ी। लेकिन बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया गया। उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से गरीब और निराश्रित बच्चों की शिक्षा का जिम्मा उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। दिलावर रविवार को खटीक समाज अधिकारी-कर्मचारी समिति की ओर से टॉक में आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। दिलावर ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल सम्मानित होने वालों का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देने का माध्यम भी है।
शिक्षा मंत्री ने अभिभावकों से बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने की अपील करते हुए कहा कि स्कूलों में अनुशासन, समयपालन और गुटखा प्रतिबंध जैसे निर्णय विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखकर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतराज में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। यदि किसी स्तर पर राशि का दुरुपयोग हुआ तो संबंधित अधिकारी से पूरी राशि वसूल की जाएगी। केवल नोटिस या निलंबन से काम नहीं चलेगा।
समारोह की अध्यक्षता जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने की। सरकारी नौकरी के अलावा प्राइवेट क्षेत्र में भी युवाओं को आगे आना होगा। कार्यक्रम में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली 300 से अधिक प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर सम्मानित किया गया। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पूर्व जिला प्रमुख सरोज बंसल, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चंदेल, जिला महामंत्री प्रभु बाडोलिया, लक्ष्मी देवी जैन, सत्यनारायण चंदेल, राधेश्याम जगरवाल, नंदकिशोर, विनोद सांखला, मोतीलाल, समिति संरक्षक शिवजी लाल, संयोजक लालचंद, अध्यक्ष छोटूलाल चंदेल, प्रहलाद खटीक आदि मौजूद थे।
Published on:
29 Jun 2026 09:32 am
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
