
मृतक मनोज नामा। फाइल फोटो- पत्रिका
टोंक। सदर थाना क्षेत्र स्थित जगदीश नगर में जयपुर के सांगानेर निवासी एक युवक ने मामा के घर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतक डिग्गी रोड सांगानेर जयपुर निवासी मनोज नामा (29) पुत्र बनवारी है। परिजनों ने बताया कि मनोज टोंक स्थित अपने मामा तुलसीराम के घर आया था और वहीं रुका हुआ था।
यह वीडियो भी देखें
गुरुवार काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो वह टीनशेड के कमरे में लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई पंकज नामा ने बताया कि मनोज का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। युवती की अन्यत्र सगाई होने के बाद दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मनोज मानसिक तनाव में था। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवती ने मनोज को नुकसान पहुंचाने के लिए कुछ लोगों को उसके पीछे लगा रखा था, जिससे वह भयभीत था। बताया जा रहा है कि युवती ने बदमाशों को सुपारी भी दी थी। इसी कारण वह जयपुर से टोंक अपने मामा के घर आ गया था। परिजनों का आरोप है कि मानसिक दबाव और भय के कारण उसने यह कदम उठाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। यह जानकारी उन्हें मनोज के एक दोस्त से मिली थी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले टोंक के बनेठा क्षेत्र के सुरेली गांव स्थित रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में युवक और युवती की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना सवाईमाधोपुर से जयपुर जा रही ट्रेन के सामने आने से हुई थी। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सुरेली पंचायत के सूरज्याभैरू गांव निवासी विमल गुर्जर (26) पुत्र रामनिवास गुर्जर तथा मनचिता गुर्जर (24) पुत्री रूपनारायण गुर्जर, पत्नी राजेश गुर्जर निवासी नयागांव (थाना चौथ का बरवाड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है।
Updated on:
25 Jun 2026 07:15 pm
Published on:
25 Jun 2026 07:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
