
मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। फोटो- पत्रिका
दौसा। जिले की कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ढाई साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी मोहन डूडी को हरियाणा के बावल से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशानुसार की गई। पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर 2023 को दौसा के बावड़ीपाड़ा निवासी नरेश कीर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 1:15 बजे हिमांशु शर्मा, आकाश शर्मा और उनके 25-30 साथियों ने उसकी दुकान और मकान पर हमला कर तोड़फोड़ और पथराव किया।
यह वीडियो भी देखें
इस हमले में उसकी मां लड्डो देवी की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। आरोपियों पर जमीन और दुकान पर कब्जे की नीयत से हमला करने का आरोप है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद से मोहन डूडी लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस ने उसकी तलाश में जयपुर, शाहपुरा सहित कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर भाग निकलता रहा। वह केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में ट्रकों के साथ फरारी काटता रहा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस अधीक्षक ने उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
आरोपी पुलिस से बचने के लिए मोबाइल काम में नहीं लेता था। फिर भी साइबर सेल के हेड कांस्टेबल दशरथ सिंह की तकनीकी निगरानी और लगातार दो माह की मेहनत के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी केरल से हरियाणा लौटा है। इसके बाद पुलिस टीम ने हरियाणा के बावल स्थित एक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी चौमूं थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित कई मामले दर्ज हैं। थानाधिकारी भगवान सहाय शर्मा व साइबर सेल के प्रभारी प्रेमनारायण के नेतृत्व में टीम में हेड कांस्टेबल विजय कुमार, सिपाही मीठालाल व राहुल शामिल रहे।
इससे पहले दौसा में बुजुर्ग महिला मनफूली देवी के पैरों में पहने चांदी के कड़ों को बदमाशों ने कटर मशीन (ग्राइंडर) से काट लिया था। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए बसवा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोच लिया था। इस संबंध में 13 मई 2026 को पीड़ित महिला के बेटे रामलाल योगी ने पुलिस में केस दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, आरोपी उनके घर में घुसे और सो रही बुजुर्ग मनफूली देवी के पैरों से कड़े काटने लगे। बदमाशों ने कड़े चुराने के लिए ग्राइंडर मशीन चलाई, जिससे मनफूली के पैर में भी गंभीर चोटें आईं। बदमाश एक कड़ा तो पूरा काट ले गए, जबकि दूसरा कड़ा अधूरा कटा हुआ मौके पर ही छूट गया क्योंकि आसपास के लोगों को भनक लग गई थी और शोर मचने पर आरोपी बाइक से भाग निकले थे।
Updated on:
25 Jun 2026 05:22 pm
Published on:
25 Jun 2026 05:22 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
