
बंथली. दूनी के माली मोहल्ला निवासी महिलाओं-पुरुषों ने सोमवार को थाने में पहुंच कस्बे में स्मैक बेचकर युवकों को नशे की लत का शिकार लगाने वाले आधा दर्जन नामजद युवकों पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कार्यवाहक थानाप्रभारी बालकिशन शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
थानाप्रभारी ने आरोपियों पर कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन देकर लोगों को घर भेजा। ज्ञापन में रामी देवी, सुगना, कमला, रेहाना बानू, रेखा, नोरती आदि ने बताया कि कस्बे के आधा दर्जन युवक बाहर से स्मैक लाकर कस्बे के किशोरों व युवकों को बेच रहे हैं।
उन्हें नशे की लत का आदी बना रहे हैं। नशे की लत के आदी होने के बाद किशोर व युवक घर व कस्बे में चोरी करना व रुपए नहींं देने पर महिलाओं सहित परिजनों से मारपीट करना आम बात हो गई।
कई बार पुलिस एवं प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ज्ञापन देने वालों में फोरन्ता, गुलाब, दुर्गालाल, पार्वती, सायर देवी, सुनिता, कमला, सीता, कजोड़ी देवी व अन्य थे।
घर खुला नहीं छोड़ते
महिलाओं ने बताया कि स्मैक बेचने वाले युवक खुले आम कस्बे की गली-मोहल्ले में घूम-घूमकर नशे का कारोबार कर रहे हैं। स्मैक के नशे की लत के चलते छोटी-मोटी चोरियां कर रहे हैं। परिजन इनके भय से घर के ताले बंद रखते हैं।
नशेड़ी दो दिन के रिमाण्ड़ पर
बंथली. दूनी में अलग-अलग जगह रविवार को स्मेक का नशा करते पकड़े गए दो आरोपितों को अवकाश न्यायालय में दूनी में पेश करने पर न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दो दिन के रिमाण्ड़ पर घाड़ पुलिस को सौंप दिया।
हैडकांस्टेबल रामबाबू पारीक ने बताया कि आरोपित नशेड़ी देवपुरा ढाीणी निवासी सीताराम पुत्र रतनलाल माली व दूनी निवासी शिवजीलाल पुत्र प्रभुलाल माली है।
उन्होंने बताया कि आरोपित सीताराम को मोक्षधाम पर व शिवजीलाल को चुंगीनाका बालाजी मंदिर परिसर में स्मेक का नशा करते दूनी पुलिस ने पकड़ा था। बाद में दोनो के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच घाड़ सीआई पूरणमल मीणा को सौंपी गई।
शहर में निकाली रैली
नगर परिषद में निकाली गई सफाईकर्मियों की भर्ती को लेकर वाल्मीकि समाज के लोगों ने शहर में रैली निकाली। उन्होंने नगर परिषद सभापति, आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए।
साथ ही भर्ती में भाई-भतीजावाद करने का आरोप लगाया गया। रैली में शामिल विजय, गोविन्द, बीना, ललीता, सीमा, राजन, मंजू, प्रेम आदि ने बताया कि सफाई कर्मी भर्ती में नियमों की अनदेखी बरती गईहै। ऐसे में ये भर्ती निरस्त की जाए और नए सिरे से भर्ती निकाली जाए। इसके चलते उन्होंने रैली निकाल प्रदर्शन किया।