नाकाबंदी तोडकऱ भाग रहे आरोपियों ने अपनी जीप से उनियारा में पुलिस की जीप के टक्कर मार दी।
उनियारा. टोंक के सदर थाना क्षेत्र की घास चौकी की रविवार शाम लगाई गई नाकाबंदी तोडकऱ भाग रहे आरोपियों ने अपनी जीप से उनियारा में पुलिस की जीप के टक्कर मार दी। इसमें दो पुलिसकर्मी सहित कार में सवार तीन में से दो आरोपी घायल हो गए।
टक्कर के बाद रुकी कार से पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी जीप से तलवार व लोहे के सरिए जब्त कर लिए। बाद में घायल पुलिसकर्मी तथा दो आरोपियों का उनियारा चिकित्सालय में उपचार कराया गया।
उनियारा के पुलिस उपाधीक्षक किशोरीलाल ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी रामबाबू व राधेश्याम है। वहीं गिरफ्तार आरोपी विजय मीणा पुत्र रामलाल मीणा निवासी मोणोली, भवानी पुत्र जयसिंह शेखावत विद्या नगर रणथम्भौर रोड व शब्बीर पुत्र बरध्या लुहार निवासी मानटाऊन सवाईमाधोपुर निवासी है।
इनमें से विजय एवं भवानी घायल हुए हैं। टक्कर से दोनों जीपें क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घास चौकी पुलिस ने वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी कर रखी थी।
इस दौरान टोंक की ओर से उनियारा जा रही जीप ने नाकाबंदी के बैरिकेड्स को तोड़ दिया और तेज गति से उनियारा की ओर चली गई।
पुलिस नियंत्रण कक्ष से मिली सूचना के बाद उनियारा में नाकाबंदी कर दी गई। थाना प्रभारी संग्राम सिंह राजावत ने नैनवां रोड तिराहे एवं पुलिस थाने के सामने नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपियों ने नैनवां रोड तिराहे पर जीप को नहीं रोका और चले गए।
उनियारा पुलिस थाने के सामने भी बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने जीप से उसे भी तोड़ दिया और इन्द्रगढ़-खातोली की ओर चले गए।
बाद में पुलिस ने अपनी जीप से उनका पीछा किया। इस पर आरोपी ने जीप को खेतों में ले गए। इस दौरान जीप से उतरकर भागने का प्रयास कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। जबकि जीप में सवार दो आरोपी जीप को लगातार भगाते रहे।
ऐसे में पुलिस ने आगे एक निजी कम्पनी के समीप खड़े वाहनों को सडक़ पर खड़ा करा दिया। इस दौरान आरोपियों ने जीप से एक वाहन के टक्कर मार दी, लेकिन जीप उसे सडक़ से हटा नहीं पाई।
ऐसे में आरोपियो ने जीप को वापस उनियारा की ओर घुमा लिया और सामने से आ रही पुलिस जीप को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों जीप क्षतिग्रस्त हो गई।
इसमें पुलिसकर्मी समेत आरोपी घायल हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया और उनकी जीप की तलाशी ली। इसमें तलवार व लोहे के सरिए मिले।
उनियारा थाना पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों की ओर से आरोपियों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास, राजकार्य में बाधा, आम्र्स एक्ट तथा सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
इधर आरोपियों की जीप के पीछे उनियारा पुलिस की जीप इतनी तेज गति से गई कि लोग समझ नहीं पाए। जबकि बाजार में लोगों की भीड़ थी। पुलिस इतनी तत्परता नहीं बरतती तो आरोपी फरार भी हो जाते।