
देवली. पुराने अजमेर मार्ग की नेगडिय़ा सडक़ बनाने की मांग को लेकर व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को अध्यक्ष रमेश जिन्दल की अगुवाई में शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान महासंघ ने एक सप्ताह में समस्या के सम्बन्ध में सकारात्मक परिणाम नहीं आने पर आंदोलन की चेतावनी दी।इससे पहले व्यापार महासंघ के दर्जनों पदाधिकारी व सदस्य ममता सर्किल पर एकत्र हुए।
जहां से वे छतरी चौराहा, पुलिस थाना बस स्टैण्ड होते हुए जुलूस के रुप में उपखण्ड कार्यालय पहुंचे। जुलूस में शामिल व्यापारी नेगडिय़ा सडक़ बनाने की मांग के नारे लगाते चल रहे थे। वहीं समस्याओं के लिए उन्होंने प्रशासन व सरकारी नीतियों पर कटाक्ष किया। इस दौरान उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर व्यापारियों ने मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। वहीं उपखण्ड अधिकारी रवि वर्मा को सडक़ के नवीनीकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि सरकार के सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने नई सडक़ बनाने की घोषणा की।
इसके बावजूद अभी तक सडक़ नहीं बनाई गई। वहीं क्षतिग्रस्त सडक़ की वजह से नेगडिय़ा पुलिया बनने के बावजूद क्षेत्र के लोग केेकड़ी जा रहे है। इससे देवली का व्यापार बुरी तरह चरमरा रहा है। ज्ञापन में सात दिवस में सकारात्मक परिणाम नहीं मिलने पर व्यापारियों द्वारा शहर में आंदोलन की चेतावनी दी।
इस दौरान व्यापार महासंघ के दिनेश सर्राफ, सुरेन्द्र डिडवानिया, मुकेश गोयल, बेणीप्रसाद टांक, राधेश्याम मालू, मनजीत सिंह, विनोद धर्माणी, रमेश गोयल, जयप्रकाश चौकड़ीवाल, दौलत सेठी आदि थे। इस दौरान व्यापार महासंघ के सदस्यों ने पत्रिका के समाचार की प्रशंसा की। व्यापारियों का कहना है कि पत्रिका ही नेगडिय़ा रोड की समस्या के लिए प्रयास कर रहा है।
पंचायत प्रशासन की लापरवाही
राजमहल. ग्राम पंचायत प्रशासन की ओर से गांव के विकास को लेकर गत दिनों लाखों की लागत पर मुख्य सडक़ के बीच लगाए गए बिजली के खम्भे इन दिनों वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि स्मार्ट विलेज के तहत पंचायत प्रशासन की ओर से देवली मार्ग व मुख्य बाजार में बिजली के खम्भे तो लगा दिए, लेकिन उक्त खम्भे सडक़ के बीच लगाने व सडक़ को चौड़ा नहीं करने के कारण मार्ग सिकुड़ गया।
इससे वाहन चालकों के लिए विकास के खम्भे रफ्तार में रोड़ा बनने लगे हंै।उक्त खम्भों के कारण आए दिन वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों की ओर से बार-बार पंचायत प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पुराने हटाने की याद नहीं आई
पंचायत प्रशासन की ओर से मुख्य बाजार में आनन-फानन में नए विद्युत खम्भे तो लगा दिए। वहीं इन पर बिजली के तार लगाकर बिजली चालू भी कर दी गई है, लेकिन पुराने खम्भे अब तक नहीं हटाए गए। इससे सडक़ मार्ग जगह जगह से काफी सिकुड़ चुका है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।