
उनियारा. यहां शनिवार को उपखण्ड अधिकारी संतोष कुमार मीणा ने कस्बे की सफाई व्यवस्था एवं सफाई कर्मियों के कार्यालय का निरीक्षण कर नाराजगी जताई।
नगरपालिका क्षेत्र में पिछले काफी दिनों से पर्याप्त मात्रा में सफाई नहीं होने तथा सफाई कर्मियों की फर्जी हाजिरी दर्ज किए जाने की शिकायत मिलने पर उपखण्ड अधिकारी ने शनिवार को कस्बे में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इसके बाद वह पुरानी नगरपालिका स्थित सफाई कर्मियों के कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होने सफाई कर्मियों की हाजिरी की जांच की। इस दौरान 7 कर्मचारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
साथ ही उपस्थिति पंजिका में प्रात:कालीन सफाई कर्मियों की पारी की हाजिरी का कॉलम भी रिक्त पाया गया। एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य निरीक्षक रामकिशोर बैरवा सहित वहां उपस्थित सफाई कर्मियों को लताड़ लगाते हुए कहा कि जब कार्यालय में सफाई नही हो सकती तो कस्बे की सफाई कैसे संभव है।
एसडीओ ने उपस्थिति पंजिका में नदारद मिलने वाले सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति दर्ज कर नोटिस जारी किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य निरीक्षक से हाजिरी की बायोमैट्रिक प्रणाली के बारे में जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि प्रणाली खराब है।
एसडीओ ने प्रणाली ठीक करवाए जाने तथा उसी से हाजिरी किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान स्वीप कार्यक्रम प्रभारी एवं चुनाव कार्मिक पवनेश जोशी भी मौजूद थे।