
राजमहल. कस्बे के करीब बीसलपुर-टोंक-उनियारा पेयजल परियोजना का फिल्टर प्लांट होने के बाद भी यहां के लोगों को गंदला पानी पीना पड़ रहा है। ग्रामीण प्रिय दर्शन वैष्णव, राजेश गुर्जर, राजेश वर्मा, पप्पू लाल वर्मा, सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि गांव में विभाग की ओर से लाखों रुपए कीमत की नई पाइप लाइनें बिछाकर तैयार हो चुकी है, लेकिन फिर भी गांव के देवली सडक़ मार्ग, रैगर, खटीक मोहल्ला, मुख्य बाजार आदि जगहों पर नलों में काले रंग का गंदला पानी आ रहा है।
कस्बे में पेयजल परियोजना का फिल्टर प्लांट होने के बाद भी लोगों को फिल्टर पानी तो दूर साफ पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। इसके बारे में कई बार ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के अभियंताओं से गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
इधर जलदाय विभाग के ठेकेदार मुस्ताक खान ने बताया कि कुछ पाइप पुराने हैं, जहां एकत्र जंग के अंश आ रहे होंगे। इधर जलदाय विभाग देवली के सहायक अभियंता प्रदीप तिवाड़ी ने बताया कि गंदला पानी आ रहा है तो पाइप लाइन की जांच कराएंगे।