दूदू-छान स्टेट हाईवे के तहत सडक़ का निर्माण कार्य एक साल से चल रहा है।
मालपुरा. उपखण्ड के टोरडी ग्राम पंचायत के अम्बापुरा गांव में दूदू-छान स्टेट हाईवे के तहत सडक़ निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की ओर से बिना मापदण्डों के कार्य करने तथा सडक़ से मिट्टी नहीं उठाने तथा सीसी रोड पर डाली गई मिट्टी में पानी नहीं डालने से दिनभर वाहनों के आवागमन के साथ ही धूल के गुबार उड़ते रहते है। इससे ग्रामीणों में धूल के चलते श्वांस सहित अन्य बीमारियां फैल रही है।
अम्बापुरा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से दूदू-छान स्टेट हाईवे के तहत सडक़ का निर्माण कार्य एक साल से चल रहा है। निर्माण कम्पनी के ठेकेदार की ओर से बनाए जा रहे सीसी रोड पर ठेकेदार की ओर से मिट्टी डालने के बाद उसकी सुध नहीं लेने से एक वर्ष से वाहनों के आवागमन के साथ ही धूल के गुबार उड़ते हैं।
ठेकेदार द्वारा बिना मापदण्डों के करते हुए सडक़ के दोनों तरफ किए गए नालों के निर्माण में नालों की ऊंचाई मकानों से ऊंची रखने तथा सडक़ के नीचे होने से गांव में मकानों में पानी भरने की स्थिति पैदा हो गई है। मुख्य प्रवेश के रास्तों व मझौले में जाने वाले रास्ते पर टेपर नहीं बनाए जाने से ग्रामीणों को आवाजाही व खेतों से माल लेकर आने में गांव को पूरा चक्कर लगाना पड़ रहा है तथा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि एक साल पूर्व सडक़ निर्माण के दौरान ठेकेदार की ओर से खुदाई के दौरान पाइप लाइनों को तोड़ देने से आधे गांव में पानी का संकट बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि बिना संकेतकों के सडक़ निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
पृथ्वी बचाने का संदेश
टोंक. वन विभाग व दादू पर्यावरण संस्थान की ओर से विश्व पृथ्वी दिवस रविवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मनाया गया। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस पी. आर. मीना थे। उन्होंने पृथ्वी बचाने के लिए पेड़-पौधे लगाने का संदेश दिया।
एडीएम लोकेश गौतम ने भी हरियाली को बढ़ावा देने को कहा। इस दौरान चित्रकला, पादप पहचान प्रतियोगिता हुई। चित्रकार महेश गुर्जर ने कलाकृति के माध्यम से पृथ्वी बचाने का संदेश दिया। इस दौरान पे्रमसिंह मीणा, मदन मोहन नामा, पानमल पहाडिय़ा, गजेन्द्रसिंह राठौड़, महावीर, डीएफओ करणसिंह, अमीर अहमद सुमन, रेंजर जीतेन्द्रसिंह ने तुलसी के पौधे बांटे। इस मौके पर कई लोग मौजूद थे।