
मालपुरा. डिग्गी कस्बे के बस स्टैण्ड पर रोडवेज की चपेट में आने से वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका चौसला निवासी गलोल देवी (65) पत्नी रामजीवन जाट है। वह अपने गांव जाने के लिए बस स्टैण्ड पर खड़ी थी। इस दौरान तेज गति से आई टोंक आगार की जोधपुर जाने वाली रोडवेज के पीछे वाले हिस्से की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
डिग्गी थाना पुलिस ने मृतका के पास मिले आधार कार्ड व बैंक डायरी से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। चिकित्सकों की हड़ताल के चलते पोस्टमार्टम के लिए शव को जयपुर एसएमएस अस्पताल भेजा गया। इधर दुर्घटना के बाद बस के चालक व परिचालक फरार हो गए।
किशोरी ने आत्महत्या का प्रयास किया
निवाई. रक्तांचल पर्वत पर चढकऱ बुधवार को किशोरी ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने उसे अचेत अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी रामजीलाल ने बताया कि जमात में अपने मौसा-मौसी के पास रहने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा को किसी बात का उलाहना देने पर वह तनाव में आ गई।
कचरा फेंकने के बहाने घर से निकलने के बाद वह पहाड़ पर चढऩे लगी। उसे देख लोगों ने पीछा किया। इस बीच वह गिर गई। गिरने से उसके चोट आने से बेहोश हो गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने परिजनों को मनो चिकित्सक को दिखाने की सलाह दी है। पुलिस ने बताया कि किशोरी बुलन्द शहर उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। माता-पिता नहीं होने से वह मौसी के पास रहकर पढ़ाई कर रही है।
हमले का आरोपी रिमाण्ड पर
बंथली. राजकोट के पटेल की ढाणी स्थित घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में गिरफ्तार आरोपित को दूनी के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दो दिन के रिमाण्ड पर दूनी थाना पुलिस को सौंप दिया। एएसआई बालकिशन शर्मा ने बताया कि आरोपित पटेल की ढाणी निवासी सोनू पुत्र रघुनाथ मीणा है। उन्होंने बताया कि गत ६ अक्टूबर को कालू मीणा घर में बैठा था। इस दौरान सोनू ने लाठी से उस पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया था।