
पलाई (उनियारा). ग्राम पंचायत पलाई में प्रशासन की अनदेखी एवं उदासीनता के चलते हुए राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के भरोसे संचालित हो रहा है। औषधालय भवन भी काफी वर्षों से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। बारिश में कागजात, दवाइयां खराब होने का भय एवं नीचे बैठने तक भी जगह नहीं बच पाती है।
औषधालय में तीन पद सृर्जित है, जिसमें एक आयुर्वेदिक चिकित्सक, कम्पाउडर एवं एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पद सृर्जित है, जिसमें कम्पाउडर का पद एक साल से अधिक समय से रिक्त है तथा आयुवैदिक चिकित्साधिकारी अवधेश कुमार गौतम का विभाग द्वारा पलाई से ककोड़ स्थानांतरण होने के बाद दो माह से खाली चल रहा है।
इसके चलते औषधालय केवल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के भरोसे चल रहा है। मांगीलाल, रामकिशन, मुकेश कुमार, देवीलाल, पप्पूलाल, राजुलाल, सद्दाम खान आदि ग्रामीणों ने बताया कि एसडीएम, ब्लॉक चिकित्साधिकारी एवं विभाग को नया भवन एवं मरम्मत के लिए कई बार अवगत करा चुके है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र ही चिकित्साधिकारी व कम्पाउडर लगाने की मांग की।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजा बाई का कहना है कि कम्पाउडर का पद काफी समय से रिक्त है। आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी का दो माह पहले पलाई से ककोड़ स्थानांतरण हो गया है। रोज मरीज आते है और पूछ के चले जाते है। चिकित्साधिकारी ने पूर्व में ही भवन जर्जर होने पर दुसरी जगह नया भवन बनवाने का विभाग को प्रस्ताव बनाकर भेज रखा है।