
टोंक. स्वच्छ भारत अभियान के तहत केन्द्र सरकार की ओर से अधिकृत सर्वे टीम गुरुवार से दो दिवसीय दौरा शहर में करेगी। नगर परिषद की ओर से सिटी प्रोफाइल व सेल्फ असेसमेन्ट के तहत अपलोड की गई सूचना के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
साथ ही सूचना के अनुरूप फिल्ड की प्रगति की जांच के लिए सर्वे टीम शहर के विभिन्न स्थानों का मौका निरीक्षण करेगी। ये प्रत्यक्ष अवलोकन 1200 अंकों का होगा। कुल 4 हजार अंकों के स्वच्छता सर्वेक्षण-2018 में 1400 अंक नागरिक प्रतिक्रिया के निर्धारित है।
इसके अलावा शेष बचे 1400 अंक स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर परिषद की ओर से प्रदत्त स्वच्छता सेवाओं के स्तर से सम्बन्धित है। इसमें शहर के वार्डों का शत प्रतिशत ओडीएफ करना, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस कचरा निस्तारण, आईएचएचएल के तहत घर-घर शौचालायों का निर्माण, शहर में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण, बायोकम्पोस्टिग, स्वच्छता सेवाओं मे आईसीटी का उपयोग, सफाईकर्मियों की ओर से सुरक्षा उपकरणों से काम करना, गीले-सूखे कचरे का संग्रहण तथा रात्रिकालीन सफाईअभियान आदि का सर्वे टीम निरीक्षण करेगी।
नगर परिषद ने मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर 100 से 500 मीटर की दूरी पर कचरा पात्र स्थापित किया है। इनमें एकत्र कचरे को वाहन से प्रतिदिन एकत्र कर ट्रंचिंग ग्राउण्ड तक पहुंचाया जा रहा है। नगर परिषद सीवरेज ट्रिटमेन्ट प्लान का भी निर्माण कर रही है। ये जल्द ही पूरा हो जाएगा।
शहर में लोगों की ओर से फैलाए जा रहे कचरे की रोकथाम के लिए आयुक्त धर्मपालसिंह चौधरी ने कर्मचारियों, अधिकारियों, जमादार, एसआई, जेईएन, तथा आरओ आदि निर्देश दिए कि वे गंदगी करने वालों पर जुर्माना लगाए। इधर, सभापति लक्ष्मीदेवी जैन ने शहर के दुकानदारों को कचरा-पात्र का वितरण किया। ताकि कचरा इधर-उधर फैल कर गंदगी नहीं हो।
तैयारियों का जायजा लिया
टोंक. विधायक अजीत मेहता ने बुधवार को स्वामी विवेकानंद स्मारक के लोकार्पण समारोह की पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। विधायक मेहता ने स्मारक निर्माण के लिए 7 लाख रुपए की राशि जारी की थी। इस दौरान भारत विकास परिषद के संरक्षक रामेश्वर शर्मा, अध्यक्ष रामकल्याण शर्मा, सचिव रमेश चंद काला, प्रधान जगदीश गुर्जर, भाजपा देहात अध्यक्ष चौथमल विजय, शहर मण्डल उपाध्यक्ष रामगोपाल, पार्षद भागचन्द जैन व सहायक अभियंता हरीश आहूजा मौजूद थे।