
टोंक. कोतवाली थाना क्षेत्र के बहीर में रविवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर भाइयों के दो गुटों में पथराव हो गया। दोनों ओर से चली लाठियों में दो महिलाओं समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामला शांत किया और घायलों को सआदत अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि बहीर निवासी मोहम्मद अली व उसके भाई इमरान में किसी बात को लेकर काफी दिनों से रंजिश चली आ रही है।
रविवार को किसी बात का उलाहना देने पर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। उन्होंने एक दूसरे पर पहले पत्थर फैंके बाद लाठियों से वार करना शुरू कर दिया।
इसमें एक पक्ष के समीर पुत्र हनीफ, इमरान व शहजाद पुत्र अमीर निवासी मेहन्दी बाग व दूसरे पक्ष के मोहम्मद अली, शेरा उर्फ मोहब्बत, सद्दाम, रादिया पुत्री मोहम्मद कमर, अफजल व भूरी-बी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ओर से परस्पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने से हुआ विवाद
देवली. क्षेत्र के पनवाड़ गांव में रविवार को सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी करने के मामले ने कुछ ही देर में तूल पकड़ गया। इस दौरान ग्रामीणों मे नाराजगी फैल गई।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर मामला शांत कराया। पनवाड़ गांव में दो अलग-अलग समुदाय के युवकों ने धार्मिक विषय को लेकर परस्पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर दी।
इससे दोनों ओर तनाव की स्थिति हो गई। इससे नाराज हुए ग्रामीण पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए। हालांकि इस दौरान समझदार ग्रामीणों ने माहौल नहीं बिगडऩे दिया।
दोनों ही समुदाय के लोगों ने परस्पर सौहार्द का परिचय दिया। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र मोहन शर्मा व देवली थाना प्रभारी दुलीचंद गुर्जर चौकी पहुंचे।
जहां उन्होंने समझाइश की। हालांकि उक्त विवाद महज युवकों तक ही सीमित रहा, लेकिन इस अवधि में गांव स्थित चौकी पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे, जो शाम तक कानून व्यवस्था पर नजर रखे हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों ने सौहार्द का परिचय दिया।